सौतेली पुत्री से दुष्कर्म के आरोपी का पेड़ पर लटका मिला शव
अनूपशहर में एक युवक ने पिलखन के पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके खिलाफ उसकी सौतेली पुत्री द्वारा दुष्कर्म का आरोप लगाया गया था। मृतक की पहचान 30 वर्षीय नीरज के रूप में हुई है, जो मानसिक तनाव में था। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

अनूपशहर में बुलंदशहर रोड पर स्थित सुनाई पैठ स्थल पर लगे पिलखन के पेड़ पर फंदा लगाकर युवक ने आत्महत्या कर ली। सौतेली पुत्री द्वारा मृतक पिता पर दुष्कर्म का आरोप लगाया गया था। अनूपशहर कोतवाली प्रभारी जय किशोर गौतम ने बताया कि गुरुवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि सुनाई पैठ स्थित पिलखन के पेड़ पर युवक का शव लटका हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बुलंदशहर से फॉरेंसिक टीम बुलाकर शव की शिनाख्त कराई। जिसमें मृतक की पहचान 30 वर्षीय नीरज पुत्र रामपाल निवासी गांव पहाड़पुर के रूप में की गई। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि 7 वर्ष पूर्व नीरज की दूसरी शादी हुई थी।
जिसमें एक पुत्री साथ आई थी। इस सौतेली पुत्री ने 2 अगस्त को नीरज पर मारपीट के साथ 19 जुलाई को दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। इसी के चलते नीरज मानसिक रूप से काफी परेशान था। संभवतः इसी कारण नीरज ने आत्मघाती कदम उठाया। नीरज पानीपत में निजी लिफ्टर चलाने का कार्य करता था। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।


