नवादा : छठियारी में डीजे बजाने के विवाद में चाकूबाजी, बच्ची के चाचा की मौत
नवादा में नवजात बच्ची की छठियारी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर विवाद के बाद चाकूबाजी हुई जिसमें बच्ची के चाचा की मौत हो गई और उसका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। मुख्य आरोपित को पुलिस ने हिरासत में लिया है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।

नवादा में एक नवजात बच्ची की छठियारी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में चाकूबाजी की घटना में बच्ची के चाचा की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सोमवार की देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच कादिरगंज थाना क्षेत्र के देवनपुरा गांव की है।
घटना का विवरण
घटना के बाद चंद मिनट में समारोह में अफरातफरी व चीख-पुकार का माहौल हो गया। इस बीच सूचना मिलने पर कादिरगंज पुलिस रात करीब दो बजे मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां आरंभिक इलाज के बाद गंभीर स्थिति में दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए पावापुरी विम्स रेफर कर दिया गया। विम्स में इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह संदीप कुमार को पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। पटना ले जाने के क्रम में रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक 22 वर्षीय संदीप कुमार देवनपुरा गांव के भोला मांझी का पुत्र था। वहीं घायल की पहचान उसके छोटे भाई 20 वर्षीय प्रदीप कुमार के रूप में की गयी है।
विवाद का कारण
डीजे बजाने से मना करने पर विवाद बढ़ा बताया जाता है कि देवनपुरा गांव के भोला मांझी की पोती और प्रदीप मांझी की नवजात पुत्री की सोमवार की रात छठियारी थी। समारोह में नवादा से भी कई रिश्तेदार पहुंचे थे। इसी दौरान नवादा से आये कुछ लोग डीजे बजाने की जिद करने लगे। परिवार के लोगों ने देर रात डीजे बजाने से मना किया और पहले खाना खाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। इसी बीच विवाद बढ़ने पर आरोपितों ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में संदीप और प्रदीप दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस कार्रवाई
मुख्य आरोपित समेत कई हिरासत में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित श्याम कुमार समेत कई लोगों को हिरासत में लिया है। श्याम कुमार नवादा नगर थाना क्षेत्र के गोवर्द्धन मंदिर मोहल्ले का रहने वाला बताया गया है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। कादिरगंज थानाध्यक्ष अवध किशोर समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर जांच कर रहे हैं और विधि व्यवस्था बनाये रखने में पुलिस जुटी है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर कई साक्ष्य जुटाए। बताया जा रहा है कि फॉरेंसिक टीम द्वारा मौके से खून से सना एक चाकू बरामद किया गया है। पुलिस गांव में कैम्प कर रही है तथा घटना के कारणों को लेकर जांच की जा रही है।
कानूनी कार्रवाई
पिता के बयान पर पांच आरोपित बने नामजद मृतक संदीप के पिता भोला मांझी के बयान पर कादिरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गई है। मामले में 29 सितम्बर को दर्ज कांड संख्या-222/26 में श्याम कुमार समेत पांच आरोपितों को नामजद किया गया है। पुलिस मुख्य आरोपित श्याम कुमार समेत कुछ अन्य आरोपितों को पकड़ कर पूछताछ कर रही है। इधर, घटना के बाद संदीप का शव को नवादा सदर अस्पताल लाया गया। अन्वीक्षण रिपोर्ट तैयार किए जाने के बाद पुलिस की देखरेख में परिजनों की मौजूदगी में मंगलवार की दोपहर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
खुशी का माहौल मातम में बदला
देवनपुरा गांव में सुबह से ही खुशियों भरा माहौल था। गांव में सुबह से ही बाजा आदि बज रहा था। भोला मांझी की नवजात पुत्री का हाल ही में जन्म हुआ था। सोमवार को उसकी छठियारी थी। छठियारी में गांव व आसपास के अलावा नवादा के भी रिश्तेदारों को आमंत्रित किया गया था। रात तक सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था व लोग गा-बजा रहे थे। इसी बीच देर रात चाकूबाजी की घटना ने रंग में भंग डाल दिया। इसके बाद मची अफरातफरी के कारण समारोह का माहौल मातम में बदल गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। (नवादा से अरविंद कुमार रवि)


