अलग-अलग दो सड़क दुर्घटनाओं में एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
पलामू में सड़क हादसों का सिलसिला जारी है। जुदा-जुदा स्थानों पर हुए दो हादसों में एक युवक की जान चली गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मेदिनीनगर में एक बाइक दुर्घटना में 36 वर्षीय संजय चौधरी की मौत हो गई। वहीं, पंडवा में एक पिकअप से बाइक की टक्कर में दो लोग घायल हैं।

मेदिनीनगर/पंडवा, हिटी। पलामू में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के जोड़ गांव स्थित एनएच-39 के फोरलेन सड़क पर शुक्रवार की रात में हुई, जहां बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 36 वर्षीय संजय चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए जिनकी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक रेहला थाना क्षेत्र के सुलुमदाग गांव का रहने वाला था। दूसरी घटना पंडवा थाना क्षेत्र के लोहड़ी गांव में हुई, जहां पीछे की ओर निकाले जा रहे पिकअप वाहन में बाइक सवार दो लोग टकरा गए। हादसे में मुरमा पंचायत के तेलियाही निवासी संजय मेहता उर्फ बलराम मेहता और उनकी पतोहू फुलवंती देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बाइक से इलाज के लिए पंडवा मोड़ जा रहे थे। इसी दौरान लोहड़ी में उपेंद्र चौहान का पिकअप चालक घर से वाहन निकाल रहा था, तभी बाइक पीछे से पिकअप से टकरा गई。
सड़क हादसे की पहली घटना
मेदिनीनगर के एमआरएमसीएच स्थित टीओपी के पुलिस पदाधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि सुलुमदाग गांव निवासी मृतक के पिता मनोहर चौधरी के अनुसार संजय चौधरी, बाइक से अपने ससुराल मेदीनगर सदर थाना क्षेत्र के चियांकी जा रहा था। जोड़ गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। गंभीर रूप से घायल संजय को राहगीरों ने एमआरएमसीएच पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। संजय मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। इधर पंडवा के थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया कि लोहड़ी गांव में हुई दुर्घटना से संबंधित दोनों वाहनों को पुलिस सुरक्षा में थाने ले आया गया है। घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर के एमआरएमसीएच भेजा गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रहे हादसे जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रहे हैं।


