नवादा:सड़क हादसे में दो महिलाओं समेत तीन की मौत,तीन घायल
नवादा में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पहली घटना कादिरगंज में एक बाइक सवार महिला की सड़क निर्माण मशीन से टकराने से हुई, जबकि दूसरी घटना एनएच-20 पर हुई, जहां एक कार डिवाइडर से टकराने पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

- एक घटना अकबरपुर में एनएच-20 पर व दूसरी कादिरगंज थाना क्षेत्र की है - घटना में घायल एक युवक व बच्चे को सदर अस्पताल से पीएमसीएच रेफर कर दिया गया नवादा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। नवादा में दो अलग-अलग सड़क हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गयी। घटना मंगलवार की देर रात की बतायी जाती है। वहीं घटना में तीन लोग घायल बताये जाते हैं। घायलों में से दो लोगों को गंभीर हालत में नवादा सदर अस्पताल से पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। पहली घटना कादिरगंज थाना क्षेत्र में हुई। जहां बाइक सवार एक महिला की मौत सड़क पर लगी सड़क निर्माण कम्पनी की रोड पेवर फिनिशर (सड़क पर तारकोल बिछाने वाली मशीन) से टकरा कर हो गयी।
घटना में बाइक सवार युवक भी घायल हो गया। जबकि दूसरी घटना एनएच-20 पर नवादा के अकबरपुर थाने के केन्दुआ के समीप की है। बोकारो से आ रही एक कार डिवाइडर से टकराकर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी। घटना में कार पर सवार एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गयी। जबकि घटना में मृतका का पति व सात वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों जगहों से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया व मार्ग को क्लीयर कराकर वाहनों का आवागमन बहाल कराया। मृतकों में बाइक सवार महिला की पहचान नवादा जिले के हिसुआ थाने के डोमन बिगहा गांव के स्व. राधे गिरी की पत्नी 65 वर्षीया आशा देवी के रूप में की गयी है। जबकि घायल बाइक चालक कुंदन गिरी डोमन बिगहा के विजय गिरी का बेटा बताया जाता है। वहीं कार हादसे में मृतकों में पटना के सलीमपुर थाने के ग्यासपुर गांव के पप्पू साव की पत्नी 30 वर्षीया रूपा देवी व बोकारो आदर्श कॉलोनी के गन्नी साव का बेटा 31 वर्षीय लाल बाबू साव शामिल हैं। जबकि घायलों में मृतका का पति व एक बच्चा शामिल हैं। ------------------- तेज रफ्तार कार एनएच के डिवाइडर से टकरायी,परखच्चे उड़े नवादा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। एनएच-20 पर नवादा के अकबरपुर थाना क्षेत्र के केन्दुआ ओवरब्रिज के समीप एक भीषण सड़क हादसे में कार पर सवार महिला व उसके चालक की मौत हो गयी। घटना मंगलवार की देर रात करीब 2:30 बजे की बतायी जाती है। घटना में कार पर सवार महिला का पति व एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सूचना पर अकबरपुर पुलिस व डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। इनमें 30 वर्षीया रूपा देवी व 31 वर्षीय लाल बाबू साव शामिल हैं। लाल बाबू कार का चालक बताया जाता है। घटना में मृतका का पति पप्पू साव व 07 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल बताये जाते हैं। जिन्हें आरंभिक उपचार के बाद सदर अस्पताल से पटना रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया घटना का कारण डिवाइडर से टकराना बताया जाता है। घटना में कार के परखच्चे उड़ गये। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को सड़क से हटाकर मार्ग पर वाहनों का परिचालन बहाल कराया। बोकारो से बख्तियारपुर आ रहे थे लोग बताया जाता है कि पप्पू साव की दादी का निधन हो गया था। पप्पू साव उस वक्त बोकारो में परिवार के साथ थे। सूचना पर वे लोग रात में ही बोकारो से बख्तियारपुर के लिए कार से निकल गये। इसी बीच आशंका है कि चालक के नींद के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गयी और बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी। घटना के बाद सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। सुबह परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस अभिरक्षा में परिजनों की मौजूदगी में दोपहर में शवों का नवादा सदर अस्पताल में अन्वीक्षण रिपोर्ट तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। ---------- सड़क पर लगी रोड पेवर मशीन से टकरायी बाइक नवादा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। कादिरगंज-पकरीबरावां रोड पर कादिरगंज थाना क्षेत्र के माया बिगहा गांव के समीप एक बाइक की सड़क की खड़ी रोड पेवर फिनिशर से टक्कर हो गयी। घटना में बाइक पर सवार एक महिला की मौत हो गयी। जबकि बाइक का चालक गंभीर रूप से घायल बताया जाता है। घटना मंगलवार की रात करीब 9-10 बजे की बतायी जाती है। सूचना पर मौके पर पहुंची कादिरगंज की पुलिस ने घायलों को उठाकर सदर अस्प्ताल नवादा भेजा। जहां इलाज के क्रम में महिला की मौत हो गयी। मृतका 65 वर्षीया आ्रशा देवी डोमन बिगहा गांव की थी। वहीं वाहन चला रहे उसी गांव के 35 वर्षीय कुंदन गिरी घटना में गंभीर रूप से घायल हो गये। कुंदन के मुताबकि वे लोग रात में जमुई से आ रहे थे। इसी बीच सड़क पर लगी रोड पेवर फिनिशर से बाइक की टक्कर हो गयी। मृतका उनकी फुआ सास बतायी जाती हैं। दोनों वाहनों को जब्त किया गया पुलिस ने दोनों वाहनों को दर रात मौके पर पहुंचकर जब्त कर लिया और मार्ग क्लीयर कराने के बाद वाहनों का आवागमन बहाल कराया। पुलिस के मुताबिक सड़क पर रोड पेवर फिनिशर लगा हुआ था। परंतु सड़क पर कोई निशान नहीं लगाया गया था। साथ ही वाहन के समीप कोई लाइट भी नहीं जल रही थी। जिसके कारण बाइक ने पीछे से मशीन में टक्कर मार दिया। घटना में महिला नीचे गिर गयीं। जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में परिजनों के बयान के आधार पर यातायात थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी जाएगी। सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।


