बुलंदशहर: पाइप से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में ट्रोला ने मारी टक्कर, एक की मौत
बुलंदशहर: पाइप से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में ट्रोला ने मारी टक्कर, एक की मौत

सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में एनएच-34 स्थित गोपालपुर फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार ट्रोला ने पाइप से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार पांच लोग सड़क पर गिर गए। जिसमें छत्तीसगढ़ निवासी युवक रमन 30 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। घायलों में मुकेश और अमृत बताए गए हैं। गंभीर रूप से घायल मुकेश की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
वहीं, अमृत का निजी अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एनएच-34 पर यातायात भी प्रभावित रहा।

