रुद्रपुर में पहुंचे एक साथ चार शव, हर तरफ मचा कोहराम
पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर सुल्तानपुर के पास एक सड़क हादसे में फौजी का शव लेकर आए उनके बेटे, भाई और भाजपा के सभासद की मौत हो गई। मृतक सत्यवान सिंह का पार्थिव शरीर चंडीगढ़ से लाया जा रहा था। हादसे से गांव में मातम छाया, बहुत से लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
रुद्रपुर (देवरिया), निज संवाददाता। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर सुल्तानपुर के पास हुए सड़क हादसे में फौजी का शव लेकर आ रहे उनके बेटे, बड़े भाई और भाजपा के सभासद की एक दिन पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार की सुबह सभी का शव गांव पहुंचा तो मातम छा गया। हर तरफ केवल चीत्कार ही सुनाई देने लगा। परिजनों को रोता देख वहां मौजूद लोगों की भी आंखे भर भाई। इस दौरान भारी भीड़ मौजूद रही। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के गहिला दुधैला गांव के रहने वाले सत्यवान सिंह (50) पुत्र स्व.जयसिंह सेना में सूबेदार मेजर थे।
वर्तमान में उनकी तैनाती चण्डीगढ़ में थी। वह वहीं पर पत्नी सरोज सिंह उर्फ पिंकी सिंह, बेटी दीक्षा सिंह व इकलौते बेटे गौरव सिंह के साथ रहते थे। जहां गौरव सिंह बीटेक की पढ़ाई करते थे। पिछले कुछ दिनों से सत्यवान सिंह की तबीयत खराब थी। उनका इलाज चण्डीगढ़ के ही सेना के वेस्टर्न कमाण्ड हॉस्पीटल में चल रहा था। इलाज के दौरान दो अक्टूबर को सत्यवान की अस्पताल में ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर उनके बड़े भाई रामसमुझ सिंह (55) अपने रिश्तेदार रुद्रपुर के भरटोला वार्ड के सभासद राजन चौधरी (35) के साथ अर्टिगा कार से चण्डीगढ़ गए। जहां से सत्यवान सिंह का पार्थिव शरीर एक प्राइवेट एम्बुलेंस से लेकर घर के लिए रवाना हुए। एम्बुलेंस में सत्यवान सिंह के बड़े भाई पोस्टमास्टर रामसमुझ सिंह, इकलौता बेटा गौरव सिंह व रिश्तेदार सभासद राजन चौधरी बैठे थे। जबकि आर्टिगा में सत्यवान सिंह की पत्नी सरोज सिंह उर्फ पिंकी सिंह व उनकी बेटी दीक्षा सिंह बैठी थी। चण्डीगढ़ से वापस लौटते समय सुल्तानपुर के पास पूर्वांचल एक्सपे्रस वे पर एम्बुलेंस हादसे का शिकार हो गई। जिसमें सत्यवान सिंह के भाई रामसमुझ सिंह, बेटे गौरव सिंह व रिश्तेदार सभासद राजन चौधरी की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव सुबह गांव पहुंचा। शव गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। विधान परिषद सदस्य डाक्टर रतनपाल सिंह समेत अन्य लोगों ने श्रद्धांजलि दी।


