पहले बेटी और अब मां की भी मौत
फोटो संख्या 34, मृतका मां आरती की फाइल फोटो फोटो संख्या 35, मृतका मासूम
पुरवा। प्रयागराज में पहले बेटी और अब उसकी मां ने लखनऊ में दम तोड़ दिया। 10 जुलाई को परिवार ढाई वर्षीय बच्चे के मुंडन संस्कार के लिए वाराणसी जा रहा था। ढाबे के पास खड़ी कार में ट्रक टक्कर मारते हुए निकल गया था। हादसे में मौके पर डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई थी। उसकी मां लखनऊ के अस्पताल में भर्ती थी। उसने भी दमतोड़ दिया।
पुरवा कस्बा के मिर्दहनटोला मोहल्ला के रहनेवाले मोनू 10 जुलाई को ढाई वर्षीय बेटे अनमोल का मुंडन संस्कार कराने परिवार के संग वाराणसी जा रहे थे। कार में उनके साथ 28 वर्षीय पत्नी आरती, लगभग ढाई वर्षीय पुत्र अनमोल, डेढ़ वर्षीय बेटी नित्या व पीरजादी गढ़ी मोहल्ला निवासी बहनोई वीरेंद्र व बहन मंजू, 14 वर्षीय छोटी बहन अनामिका, भांजा अंशु तथा कार चालक अखिलेश भी वाहन में थे। उसी दिन रात करीब एक बजे प्रयागराज में थानाक्षेत्र सोरांव के गुलाब ढाबा के पास चालक अखिलेश, बहनोई वीरेंद्र व मोनू चाय पीने के लिए वाहन से उतर गए। कार में आरती, मंजू, मासूम नित्या व अनमोल, बहन अनामिका बैठी रहीं।
इसी दरम्यान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करते हुए कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में डेढ़ वर्षीय बेटी नित्या की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आरती, मंजू और ढाई वर्षीय अनमोल व अनामिका घायल हो गई। सूचना मिलते ही सोरांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय प्रयागराज में भर्ती कराया। 11 जुलाई को परिजनों ने प्रयागराज में ही बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, हालत गंभीर होने पर आरती, मंजू और अनमोल व अनामिका को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया। लोकबंधु अस्पताल लखनऊ में उपचार के दौरान आरती ने भी दम तोड़ दिया। एक ही सड़क हादसे में मासूम बेटी और पत्नी की मौत से मोनू पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां बेटी की मौत को लेकर परिजन रो-रोकर बेहाल होते रहे।


