मां-बेटी की मौत मामले में अज्ञात चालक पर मुकदमा
गोसाईंगंज में एक सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई। यह घटना 4 सितंबर की रात को हुई, जब रेखा और उसकी बेटी वर्षा को डंपर ने टक्कर मार दी। रेखा का बेटा तेजस घायल हो गया। पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।

गोसाईंगंज, संवाददाता गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के बाबूगंज-बबुली गांव के बीच अयोध्या-प्रयागराज मार्ग पर चार सितंबर की रात हुए सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मृतका के पति संजीवन की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।इनायतनगर निवासी संजीवन के मुताबिक चार सितंबर की रात करीब 9:40 बजे पत्नी रेखा, पुत्र तेजस और पुत्री वर्षा गुप्तारगंज में जन्माष्टमी का मेला देखकर घर लौट रही थी। बाबूगंज और बबुली गांव के बीच अयोध्या की ओर से आ रहे डंपर ने पीछे से परिवार के सदस्यों को टक्कर मार दी।
हादसे में रेखा और वर्षा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तेजस घायल हो गया। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया। पुत्र तेजस का उपचार कराया गया। आठ सितंबर को पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अनिल कुमार सक्सेना को सौंपी गई है। थानाध्यक्ष अखण्डदेव मिश्रा ने बताया पुलिस फरार डंपर और चालक की तलाश के साथ ही घटना के संबंध में साक्ष्य जुटा रही है।


