किसान पथ पर तेज रफ्तार क्रेटा कार की टक्कर से युवक की मौत
लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र के नटकुर में मंगलवार को एक सड़क हादसे में 20 वर्षीय बाइक सवार बलदेव की मौत हो गई। तेज रफ्तार क्रेटा कार ने बाइक को टक्कर मारी। बलदेव मजदूरी करता था और घर लौट रहा था। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
लखनऊ,संवाददाता। लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र के नटकुर स्थित किसान पथ पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, कानपुर रोड से अपने घर लौट रहे बाइक सवार बलदेव उर्फ शिवम (20) पुत्र स्वर्गीय नन्दन निवासी नटकुर, बिजनौर को पीछे से आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक मजदूरी का काम करता था और रोज की तरह काम से लौटकर घर जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही बिजनौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने दुर्घटना करने वाली कार और उसके चालक के संबंध में जांच शुरू कर दी है। बलदेव उर्फ शिवम के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसकी मां, छोटा भाई शुभम और बहन कंजल हैं। इकलौते कमाऊ सदस्य की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव और परिवार में शोक का माहौल है।


