गुजरात में दो दोस्तों की मौत से इकनौरा में माहौल गमगीन
हरपालपुर। गुजरात के वलसाड में नौकरी कर रहे हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के दो युवक सड़क हादसे का शिकार हो गए थे। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही
हरपालपुर, संवाददाता। गुजरात के वलसाड में नौकरी कर रहे हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के दो युवक सड़क हादसे का शिकार हो गए थे। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे युवक ने बुधवार की रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना जैसे ही उनके पैतृक गांव पहुंची तो परिवारों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हरपालपुर थाना क्षेत्र के इकनौरा गांव निवासी नन्हे लाल का पुत्र अजय कुमार (20) अपने ही गांव के साथी राजन (18) पुत्र नारद के साथ गुजरात के वलसाड जिले के करमबेली क्षेत्र में किराये का कमरा लेकर रहता था।
दोनों वहां एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करते थे। मृतक अजय के भाई सुदीप ने बताया कि सोमवार रात करीब 12:30 बजे अजय और राजन ढाबे से खाना खाने के बाद बाइक से अपने कमरे की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान मुंबई रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर करीब 60 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में अजय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजन गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल राजन को तत्काल सूरत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक के चाचा कल्लू ने बताया कि बुधवार की रात राजन की भी सूरत के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।


