ट्रेलर की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत, सात घायल
अम्बेडकरनगर के न्योतरिया बाइपास पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक अनिल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेलर की टक्कर से ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया है।
अम्बेडकरनगर,संवाददाता। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के न्योतरिया बाइपास पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में ट्रेलर की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा में सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजवाया। बेवाना थाना क्षेत्र के सिवरानाली गांव निवासी अनिल कुमार ई-रिक्शा चलाकर सवारियों को लेकर जा रहे थे। इसी दौरान न्योतरिया बाइपास पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से उनकी ई-रिक्शा की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और चालक अनिल कुमार की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना में ई-रिक्शा सवार ज्योति (3) और अभिराज निवासी सिवरानाली बेवाना, प्रवीण बानों निवासी सुल्तानपुर, मुहम्मद हुसैन, नूर सबा, रब्बानी फातिमा तथा सुभानी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं पुलिस ट्रेलर चालक की तलाश में भी जुटी हुई है।


