बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसा, दो पशु व्यापारी भाईयों की मौत, चालक गंभीर
- अज्ञात वाहन की टक्कर से पिकअप पलटी, औरैया अस्पताल में तोड़ा दम - ललितपुर

कुठौंद। संवाददाता बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर जिला औरैया सीमा के नजदीक गुरुवार सुबह हुए सड़क हादसे में पशु व्यापारी दो भाइयों की मौत हो गई। हादसा जालौन जिले के कुठौंद क्षेत्र में किलोमीटर 232 के पास हुआ। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से पिकअप सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उक्त लोग ललितपुर से इटावा के परसूपुरा पशु बाजार जा रहे थे।
घटनास्थल का विवरण
कुठौंद थानाध्यक्ष जगदंबा प्रसाद दुबे के मुताबिक गुरुवार सुबह ललितपुर जिले के जखौरा थाना क्षेत्र के ग्राम अंधेर निवासी शेर सिंह 30 वर्ष पिकअप से एक भैंस और उसके बच्चे को लेकर ललितपुर से इटावा के परसूपुरा पशु बाजार जा रहे थे। पिकअप में भैंस के मालिक शाहिद 35 वर्ष और उनके भाई नासिर पुत्र शरीफ 30 वर्ष दोनों निवासी अराजी लेन, कोंच जनपद जालौन भी सवार थे। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर जैसे ही पिकअप कुठौंद क्षेत्र में पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप अनियंत्रित हो गई। हादसे में पिकअप सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर यूपीडा एंबुलेंस और पीआरवी मौके पर पहुंची। घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय औरैया लाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शाहिद और नासिर को मृत घोषित कर दिया जो दोनों सगे भाई थे। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और उनका रो-रो कर बुरा हाल है। चालक शेर सिंह की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
पुलिस का बयान
बोले थानाध्यक्ष
कुठौंद। थाना प्रभारी जगदंबा प्रसाद दुबे ने बताया कि हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई औरैया में की जा रही है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है तथा मामले की जांच की जा रही है।


