सरकारी बस की चपेट में आने से बहू-नाती की मौत, ससुर घायल
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जंगल बड़हरा में गुरूवार दोपहर उस

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जंगल बड़हरा में गुरुवार दोपहर उस समय मातम पसर गया, जब गोरखपुर में हुए एक सड़क हादसे में गांव की बहू व उसके महज 24 दिन के मासूम बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार जंगल बड़हरा निवासी निजामुद्दीन अपने 24 दिन के नाती हमजा की आंख का इलाज कराने के लिए पतोहू अफसाना (30) को बाइक पर बैठाकर गोरखपुर जा रहे थे। दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे जैसे ही वे गोरखपुर स्थित सिटी अस्पताल के पास पहुंचे तभी एक अनियंत्रित सरकारी बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी。
मां-बेटे की मौके पर मौत, ससुर घायल
दर्दनाक हादसे में अफसाना और उसकी गोद में मौजूद 24 दिन के मासूम हमजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे निजामुद्दीन को भी हल्की चोटें आईं। गोरखपुर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
सऊदी से घर लौट रहा पति, आठ साल का बेटा बेसहारा
मृतका का पति अजीबुद्दीन उर्फ सोनू सऊदी अरब में रहकर ड्राइविंग का काम करता है और मात्र चार माह पूर्व ही विदेश गया था। हादसे की खबर मिलते ही वह घर वापसी के लिए रवाना हो चुका है। मृतका का एक आठ वर्षीय बेटा रेहान भी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


