यूपीएसएसएससी की परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थी की दुर्घटना में मौत, साथी घायल
आजमगढ़ में यूपीएसएसएससी परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थी कन्हैया यादव की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपने मित्र विजय के साथ बाइक से जा रहा था, जब अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मारी। परिवार में शोक की लहर है, क्योंकि कन्हैया के दो बेटी हैं।

आजमगढ़, संवाददाता। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के गोरिया गांव के पास रविवार की सुबह यूपीएसएसएससी की परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थी की सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि हादसे में उसका साथी घायल हो गया। मृत अभ्यर्थी मऊ जनपद का निवासी था, परीक्षा देने बाइक से अंबेडकर नगर के टांडा जा रहा था। मौत की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
कन्हैया यादव का परिचय
मऊ जनपद के घोसी थाना क्षेत्र के सेमरी जमालपुर गांव निवासी 25 वर्षीय कन्हैया यादव सात बहनों में अकेला भाई था। लेखपाल की भर्ती परीक्षा पास कर लिया था। नियुक्ति पत्र का इंतजार कर रहा था। उसने यूपीएसएसएससी की प्री परीक्षा भी पास की थी। रविवार को यूपीएसएसएससी मेंस की उसकी परीक्षा थी। उसका परीक्षा केंद्र अंबेडकर नगर के टांडा गया था। रविवार की सुबह कन्हैया अपने मित्र 24 वर्षीय विजय निवासी परासिन नरहन थाना मधुबन जनपद मऊ के साथ के बाइक से परीक्षा देने के लिए जा रहा था।
दुर्घटना का विवरण
सुबह करीब साढ़े छह बजे दोनों बिलरियागंज थाना क्षेत्र के गोरिया गांव के पास पहुंचे थे। इस दौरान अज्ञात वाहन बाइक में टक्कर मारते हुए फरार हो गई। इस दुर्घटना में दोनों घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने कन्हैया यादव को मृत घोषित कर दिया, घायल विजय का उपचार चल रहा है। मृत कन्हैया की दो बेटी हैं। युवक के मौत की सूचना मिलने पर परिवार के लोग रो रो कर बेहाल हैं।


