मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री तृषा सिंह के निधन पर उनके पैतृक गांव खिरौंधी में शोक की लहर
मेहरमा के खिरौंधी गांव में झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। इस दुखद घटना से पूरा गांव हतप्रभ है। तृषा की असामयिक मृत्यु ने ग्रामीणों को शोक में डुबो दिया है। उनके परिवार का हाल देखकर सभी स्तब्ध हैं।

मेहरमा, एक संवाददाता। आज तड़के सुबह प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बलबड्डा थाना के ग्राम खिरौंधी के लोगों की आंख ज्यों ही खुली, कि एक दिल को झकझोर देने वाली बुरी खबर उनका इंतजार कर रही थी। उनकी ग्रामीण एवं झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की कनिष्क पुत्री तृषा सिंह की एक सड़क हादसे में मौत की सूचना से पूरा गांव हतप्रभ था। जिस पर पहले तो लोगों को विश्वास ही नहीं हुआ, लेकिन हृदय को झकझोर देने वाली इस घटना की पुष्टि होते ही गांव में मातम छा गया। देखते ही देखते सोशल मीडिया पर यह खबर जंगल में लगी आग की तरह फैल गई। तब जाकर अन्य लोगों को इस दुखद घटना पर विश्वास हुआ। वर्तमान में मंत्री श्रीमती पांडेय अपने गांव में ही प्रवास पर थीं। खबर मिलते ही परिवार के सभी सदस्य स्तब्ध हो गए। उनके ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परंतु हिम्मत बटोर कर एमजीएम अस्पताल के लिए निकल गए, जहां उनके कलेजे के टुकड़े को मोर्चरी में रखा गया है। फिलहाल उनके घर पर ताला जड़ा है। इस लोमहर्षक घटना की सूचना से पूरा गांव सकते में है। अभी भी उन्हें इस अनहोनी घटना पर विश्वास नहीं हो रहा। परंतु धीरे-धीरे लोगों ने इस सच्चाई को स्वीकार कर लिया एवं हुतात्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अपनी अपनी शेवदना व्यक्त की है。
घटना का विवरण
बिटिया रानी की असामयिक मृत्यु से संबंधित इस हृदय विदारक घटना से मन व्यथित है। दुख व्यक्त करने को शब्द नहीं मिल रहे। ईश्वर परिवार को दुख की इस घड़ी में सहनशक्ति प्रदान करें।
मुन्ना पासवान
ग्रामीण सह पूर्व मुखिया
पढ़ाई में तेज तर्रार तृषा पर गांव के लोगों को गर्व था। उन्हें विश्वास था कि एक दिन वह पढ़ लिखकर गांव सहित प्रखंड का नाम रोशन करेगी। परंतु विधाता को कुछ और ही मंजूर था। आप इच्छा समोह नास्ति, दैव इच्छा परम बलम। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।
उमेश मिश्रा ग्रामीण
तृषा यूं तो हमेशा बाहर रहकर ही पढ़ाई किया करती थी। परंतु छठ आदि पर्व पर गांव जरूर आती थी। वह अपने मृदु भाषी स्वभाव से सबों का दिल जीत लेती थी। लोगों को यह विश्वास नहीं हो रहा कि अब वह हमारे बीच नहीं रही।
*पीयूष कुमार सिंह*
ग्रामीण
यूं तो वह कभी कभार ही गांव आती थी,परंतु जब भी आती थी, हमेशा लोगों से हिल मिलकर रहती थी।अहम नाम की चीज उसे छू तक नहीं पाई थी। उसका मिलनसार व्यक्तित्व हमेशा लोगों के दिलों में रहेगा।
*धर्मेंद्र शर्मा* ग्रामीण


