प्रसव के बाद प्रसूता की हालत बिगड़ी मौत
बांदा में प्रसव के बाद एक महिला की अचानक स्थिति बिगड़ गई। उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कालेज में भर्ती किया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतका के परिवार में शोक की लहर है। मामले की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि परिवार इसके खिलाफ था।

बांदा। प्रसव के बाद अचानक प्रसूता की हालत खराब हो गई। उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जहां उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही घरवालो में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कमासिन थाना क्षेत्र के खटान गांव निवासी जेठ रमाकांत ने बताया कि उसकी 23वर्षीय बहू गोविंदी पत्नी दीपक शुक्रवार को प्रसव पीड़ा से परेशान थी। उसे पीएचसी कमासिन ले जाया गया। जहां उसने बच्ची को जन्म दिया। जन्म देने के कुछ देर बाद उसे अधिक रक्त स्राव होने लगा।
पहले तो डॉक्टरो ने उसका पीएचसी में उपचार किया। लेकिन हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरो ने उसे रानी दुर्गावती मेंडिकल कालेज में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान शनिवार की सुबह उसकी मौत हो गई। डॉक्टरो ने शव को मर्चरी हाउस में रखवाते हुए पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतका के जेठ रमांकात ने बताया कि उसका पति सूरत में रह कर मजदूरी करता है। यह उसकी दूसरी डिलवेरी हुई है। एक पुत्र है। उसकी शादी को पांच साल हो गए। उसने डॉक्टरो से पोस्टमार्टम न कराए जाने की बात कही थी। लेकिन डॉक्टरो ने जबर जस्ती पोस्टमार्टम करवा दिया। जब कि मृतका के मायके वाले भी पोस्टमार्टम नही करवाना चाहते थे।


