धनबाद सड़क हादसे में घायल चलकुशा थाना के दूसरे सिपाही नरेश कुमार का निधन
धनबाद सड़क हादसे में घायल चलकुशा थाना के दुसरे सिपाही नरेश कुमार का निधन पुलिस लाइन में दी गई अंतिम सलामी हजारीबाग हमारे प्रतिनिधि पिछले दिनों धनब

हजारीबाग हमारे प्रतिनिधि पिछले दिनों धनबाद में भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल चलकुशा थाना के दुसरे सिपाही नरेश कुमार का शुक्रवार अहले सुबह 3:30 बजे निधन हो गया। वे लंबे समय से जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे थे। उनकी शहादत से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। घायल होने के बाद वह अस्पताल दर अस्पताल भटकते रहे, अंततः दम तोड़ दिया। बताते चले कि बीते दिनों चलकुशा में छापेमारी से लौटने के दौरान पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में सिपाही राम सहाय गोप की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि नरेश कुमार समेत चार अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हुए थे। घायलों को इलाज के लिए पहले दुर्गापुर मिशन अस्पताल भेजा गया था। वहां से स्थिति नाजुक होने पर उन्हें रांची मेडिका और फिर वेदांता अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन शुक्रवार तड़के उन्होंने अंतिम सांस ली。
पुलिस लाइन में नम आंखों से दी गई विदाई
शुक्रवार को उनका पार्थिव शरीर हजारीबाग पुलिस लाइन लाया गया, जहां उन्हें पूरे सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। इस दौरान एसपी अमन कुमार, जिले के सभी डीएसपी, थाना प्रभारी और सार्जेंट देवव्रत समेत पुलिस परिवार के कई सदस्यों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सलामी के बाद उनके शव को पैतृक आवास भेज दिया गया।
2012 बैच के जांबाज सिपाही थे नरेश
नरेश कुमार 2012 बैच के एक अत्यंत कर्मठ और जुझारू सिपाही थे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत पलामू से की थी, जिसके बाद वे 6-7 वर्षों तक झारखंड जगुआर में अपनी सेवाएं दीं। 2024 से वे हजारीबाग में तैनात थे।
मुआवजे की मांग
झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश संयुक्त महामंत्री उपेंद्र मिश्र, सहायक प्रदेश सचिव उपेंद्र पांडे, पारसनाथ महतो और राजेश चंद्र, दहाल साहू आदि ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। एसोसिएशन ने सरकार और विभाग से मांग की है कि नियमों के अनुसार मृतक के परिजनों को जल्द से जल्द मुआवजा और देय राशि उपलब्ध कराई जाए।
फोटो कैप्शन
एएम 1 दिवंगत सिपाही नरेश कुमार
एएम 2 पुलिस लाइन में सलामी देते साथी


