न्याय न मिलने पर दोबारा टॉवर पर चढ़ी दिव्यांग छात्रा

हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

- रेप के आरोपी की गिरफ्तारी और शादी करवाने की मांग पर अड़ी छात्रा

न्याय न मिलने पर दोबारा टॉवर पर चढ़ी दिव्यांग छात्रा

पारा में दिव्यांग छात्रा के साथ दुष्कर्म के मामले में एक सप्ताह में आरोपी की गिरफ्तारी किये जाने के पुलिस के लिखित आश्वासन के बाद भी कार्रवाई न होने से नाराज दिव्यांग छात्रा रविवार को दोबारा मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। पीड़िता आरोपी की गिरफ्तारी और शादी करवाने की मांग पर अड़ी है। आरोपी की मां के शादी करवाने के आश्वासन पर चार घंटे बाद छात्रा टॉवर से नीचे उतरी। जालौन निवासी युवती (20) पारा इलाके में किराए पर रहकर शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय में बीए की छात्रा है। छात्रा हाथ से दिव्यांग और खिलाड़ी है। छात्रा ने अपने सहपाठी दिव्यांग पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और शादी से मना करने का आरोप लगाते हुए अप्रैल में मुकदमा दर्ज कराया था। तीन माह बीतने पर आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज छात्रा चार जुलाई को मोबाइल टॉवर पर 150 फुट ऊपर चढ़ गई थी। तब पुलिस ने एक सप्ताह में आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज छात्रा दोबारा रविवार देर रात करीब दो बजे उसी मोबाइल टॉवर पर चढ गई। पुलिस महानगर स्थित आरोपी के घर पहुंची। आरोपी की मां को साथ ले आई। आरोपी की मां ने दोनों की शादी कराने का आश्वासन दिया, जिसके चार घंटे बाद छात्रा टॉवर से नीचे उतरी।

दहेज की मांग पूरी न होने पर बेटी की हत्या का आरोप

इटौंजा। सीतापुर तानसेनगंज वाल्दा रोड निवासी पवन कुमार कश्यप ने बेटी हिमांशी गौड़ की हत्या कर शव गायब करने का आरोप ससुरालीजनों पर लगाया है। इटौंजा थाने में तहरीर देते हुए बेटी को तलाशने की मांग की है। पवन के मुताबिक, बेटी हिमांशी का विवाह चार माह पहले सीतापुर अटरिया के बिरसिंहपुर निवासी प्रदीप से हुआ था। वह परिवार समेत इटौंजा चौराहा हाईवे के पास रहता है। विवाहिता के माता पिता का आरोप है कि ससुरालीजन शादी के दो माह बाद से ही दहेज की मांग को लेकर बेटी को मारने पीटने, प्रताड़ित करने लगे। शनिवार रात बेटी हिमांशी ने कॉल करके मोबाइल से सूचना दी थी कि ससुरालीजनों ने पीटा है। उसके साथ अनहोनी हो सकती है। जब वह रविवार को बेटी के ससुराल पहुंचे तो वहां कोई नहीं था। बेटी समेत सभी के मोबाइल नंबर स्विच ऑफ जा रहे हैं। पुलिस ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से जांच शुरू की है।

नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

​निगोहां। पुलिस ने नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म के आरोपी बाइक मैकेनिक अल्ताफ अहमद को गिरफ्तार किया है। पीड़िता के पिता का आरोप है कि 10 जुलाई को आरोपी अल्ताफ बेटी को गांव से बहलाकर अगवा कर ले गया था। देर शाम तक बेटी नहीं लौटी तो परेशान पिता आरोपी के घर पहुंचा, लेकिन वहां से उसे भगा दिया गया। पीड़ित ने निगोहां थाने में शिकायत की। पुलिस का शिकंजा कसते देख आरोपी अल्ताफ 11 जुलाई की शाम चार बजे नाबालिग को गांव के किनारे छोड़कर फरार हो गया। निगोहां थाना प्रभारी रवींद्र कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी अल्ताफ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

सामान्य प्रश्न

पारा में दिव्यांग छात्रा ने मोबाइल टॉवर पर क्यों चढ़ाई की?
दिव्यांग छात्रा ने आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर और शादी करवाने की मांग पर मोबाइल टॉवर पर चढ़ाई की।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।