मदमहेश्वर पैदल ट्रैक पर नदी में डूबने से यात्री की मौत
रुद्रप्रयाग के मदमहेश्वर ट्रैक पर एक यात्री गौंडार-बनतोली के पास नदी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। डीडीआरएफ और आपदा मित्र की टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर उसे नदी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अजय है, जिसकी उम्र 26 वर्ष थी।

रुद्रप्रयाग। मदमहेश्वर पैदल ट्रैक पर गौंडार-बनतोली के समीप नदी में नहाते समय एक यात्री डूब गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर डीडीआरएफ (जिला आपदा राहत बल) और आपदा मित्र की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और रेस्क्यू अभियान चलाया। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग को रविवार शाम सूचना मिली कि गौंडार-बनतोली के समीप एक यात्री नदी में नहाते समय डूब गया है। सूचना मिलते ही डीडीआरएफ टीम और आपदा मित्र तहसील ऊखीमठ की टीम ने मौके पर पहुंचकर नदी से व्यक्ति को बाहर निकाला। रेस्क्यू टीम ने व्यक्ति को बनतोली-गौंडार से अकतोली धार, रांसी तक पहुंचाया।
इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उसे नजदीकी अस्पताल ऊखीमठ भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अजय पुत्र राधेश्याम, उम्र 26 वर्ष, निवासी भरतियाका, मथुरा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।


