मिर्जापुर- क्रशर प्लांट में डग ढहा, चार मजदूरों की मौत
मिर्जापुर के अहरौरा क्षेत्र के भगवती देई गांव में शनिवार को एक क्रशर प्लांट में ब्लास्टिंग के दौरान लोहे का डग ढह गया, जिससे चार मजदूरों की मौत हो गई। सभी मृतक सोनभद्र जिले के बड़गवां गांव के निवासी थे। घटना की जांच जारी है और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

मिर्जापुर, संवाददाता। अहरौरा क्षेत्र के भगवती देई गांव में शनिवार दोपहर ब्लास्टिंग के दौरान क्रशर प्लांट में लगा लोहे का डग ढह गया। मलबे में दबने से चार मजदूरों की मौत हो गई। मृत मजदूर सोनभद्र जिले के जुगैल थाना क्षेत्र के बड़गवां गांव के निवासी थे। घटना की जानकारी मिलते ही डीएम पवन कुमार गंगवार, डीआईजी पूनम और एसपी अपर्णा रजत कौशिक मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू कर दी। एएसपी ऑपरेशन राजकुमार मीना ने बताया कि अहरौरा के भगवती देई गांव में पिंटू सिंह का क्रशर प्लांट है। बारिश के कारण प्लांट में लगे डग की नींव कमजोर हो गई थी।
शनिवार दोपहर करीब एक बजे बगल के क्रशर प्लांट में पत्थर तोड़ने के लिए ब्लास्टिंग की गई। इसके कंपन से डग अचानक ढह गया। वहां मौजूद चार मजदूर मलबे में दब गए। प्लांटकर्मियों ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर मजदूरों को बाहर निकाला। इसके बाद चारों को अस्पताल में भर्ती कराने के लिए वाराणसी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही सभी ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय लालबहादुर, 38 वर्षीय अशोक, 28 वर्षीय राकेश और 29 वर्षीय दुर्योधन के रूप में हुई है। सभी सोनभद्र जिले के जुगैल थाना क्षेत्र के बड़गवां गांव के निवासी थे। ग्रामीणों के अनुसार, घटना के समय चारों मजदूर डग के लिए बनाए गए कमरे में बैठकर ताश खेल रहे थे। इसी दौरान ब्लास्टिंग के कंपन से डग उनके ऊपर गिर गया। उधर, डीएम पवन कुमार गंगवार ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।


