जितिया के नहाए-खाए पर दामोदर नदी में डूबी किशोरी, मामा को लोगों ने बचाया
जितिया पर्व के नहाए-खाए के दिन, 15 वर्षीय सोनाक्षी कुमारी दामोदर नदी में तेज बहाव में बह गई। स्थानीय लोगों ने उसके मामा को बचा लिया, लेकिन सोनाक्षी पानी में डूब गई। परिजनों ने गोताखोरों के न पहुंचने पर बिरसा पुल को जाम कर दिया। बाद में गोताखोरों ने खोज शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

भौंरा, प्रतिनिधि। लोक आस्था के महापर्व जितिया के नहाए-खाए के दिन शुक्रवार को सुदामडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरसा पुल सीतानाला के समीप दामोदर नदी में स्नान करने के दौरान 15 वर्षीय किशोरी सोनाक्षी कुमारी पानी के तेज बहाव में आकर बह गई। घटना सुबह करीब 8:30 बजे की है। इस हादसे में सोनाक्षी के मामा भी डूबने लगे थे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बिहार के आरा की रहने वाली सोनाक्षी लोदना मोड़स्थित अपनी नानी के घर आई हुई थी। शुक्रवार की सुबह वह अपने परिजनों और मामा के साथ जितिया पर्व के पावन स्नान के लिए दामोदर नदी के मोहलबनी घाट पहुंची थी। नदी में नहाने के दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के प्रयास में उसके मामा भी तेज धारा की चपेट में आ गए। घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत पानी में कूदकर मामा को तो बचा लिया, लेकिन सोनाक्षी का हाथ छूट गया और वह देखते-ही-देखते नदी की तेज लहरों में बह गई।
परिजनों का प्रदर्शन
घटना के करीब 8 घंटे बीत जाने के बाद भी गोताखोर के नहीं पहुंचने से गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने दोपहर बाद बिरसा पुल को जाम कर दिया। इस चक्का जाम के कारण चंदनकियारी, डिगवाडीह, बोकारो, पुरुलिया व जमशेदपुर जाने वाला मार्ग अवरुद्ध हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। परिजनों का आरोप था कि पुलिस सिर्फ आश्वासन दे रही है। परिजनों ने जिला प्रशासन से मार्मिक गुहार लगाई कि उनकी बच्ची को ढूंढकर सौंप दिया जाए। शाम करीब पांच बजे मुनीडीह से गोताखोरों की टीम पहुंचने के बाद लोग शांत हुए और आवागमन पुनः बहाल हो सका。
गोताखोरों की खोजबीन
मुनीडीह से आए गोताखोरों ने एक घंटे तक दामोदर नदी में सोनाक्षी की खोजबीन की, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता हाथ नहीं लगी। रात होने की वजह से फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया है। शनिवार सुबह रांची से एनडीआरएफ की विशेष टीम के पहुंचने की बात कही जा रही है, जो पुनः सर्च अभियान शुरू करेगी। हादसे की जानकारी मिलते ही धनबाद सांसद प्रतिनिधि अब्दुल गफ्फार अंसारी, झरिया विधायक प्रतिनिधि राज किशोर जैना, उमेश यादव और वार्ड पार्षद मुन्नीलाल रविदास मौके पर पहुंचे। विधायक प्रतिनिधि राज किशोर जैना ने परिजनों को ढांढस बंधाया और कहा कि दामोदर नदी के इस खतरनाक घाट को सुरक्षित करने के लिए घाट निर्माण कराया जाएगा। साथ ही बड़ी नदियों की तर्ज पर सुरक्षा जंजीर लगाई जाएगी। इसके लिए वे धनबाद मेयर संजीव सिंह व झरिया विधायक रागिनी सिंह से जल्द वार्ता करेंगे। मौके पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुदामडीह थाना प्रभारी आकृष्ट अमन, अफरोज आलम पुलिस बल के जवानों के साथ डटे रहे। घाट पर ही मौजूद परिजनों और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।


