मां ने तीन बच्चों को जहर देने के बाद खुद भी खाय विषाक्त पदार्थ,मां और दो बच्चों की मौत
मिर्जापुर के परसौना गांव में एक महिला ने पारिवारिक विवाद के कारण अपने तीन बच्चों को जहर देने के बाद खुद भी विषाक्त पदार्थ खा लिया। महिला और उसके दो बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची जीवन और मृत्यु के बीच जूझ रही है। इस घटना की जांच चल रही है।

मिर्जापुर, संवाददाता । मड़िहान थाना क्षेत्र के परसौना गांव में बीती रात पारीवारिक विवाद में महिला ने अपने तीन बच्चों को जहर देने के बाद खुद भी विषाक्त पदार्थ खा लिया। महिला व उसके पुत्र और पुत्री की मौत हो गई। वहीं एक पुत्री जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। उसका उपचार वाराणसी में चल रहा है।
घटना की पृष्ठभूमि
प्रथम दृष्टया पति की दूसरी शादी के शक में महिला के ऐसा कदम उठाने की बात सामने आ रही है। पुलिस तीनों शव कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुट गई है। मड़िहान के परसौना गांव निवासी 38 वर्षीय कुसुम सोमवार को अपने तीन बच्चों 12 वर्षीय मधु, 10 वर्षीय राधिका और आठ वर्षीय सत्या के साथ मायके से ससुराल आई थी।
पुलिस की रिपोर्ट
एएसपी आपरेशन राजकुमार मीणा ने बताया कि पारीवारिक विवाद में रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे महिला ने पहले अपने तीनों बच्चों को जहर दे दिया। उसके बाद खुद भी जहर खा लिया। कुछ देर बाद सभी की हालत बिगड़ी, मां और तीनों बच्चे उल्टी करने लगे। परिजनों ने चारों को मड़िहान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को मंडलीय अस्पताल भेज दिया गया। यहां कुसुम और राधिका की मौत हो गई। जबकि मधु और सत्या को वाराणसी भेज दिया गया। वाराणसी में सत्या ने भी दम तोड़ दिया। वहीं मधु जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
मृतका के परिवार की जानकारी
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के भाई संतानगर थाना क्षेत्र के कुसुम्हा गांव निवासी छोटू ने बताया कि बहनोई धर्मेंद्र दिल्ली में रहता है। चार दिन पहले घर आया था। कुसुम को शक था कि उसने दूसरी शादी कर ली है। इस विवाद को लेकर 12 जुलाई को मायके शीतलगढ़ में पूर्व ग्राम प्रधान के घर समझौता हुआ। धर्मेंद्र 13 जुलाई कुसुम को विदा कराकर ले जाएगा, लेकिन वह घर आकर चला गया। कुसुम अपने बच्चों संग सोमवार को मायके से ससुराल गई। इसी से आहत होकर कुसुम ने ऐसा खौंफनाक कदम उठा लिया।


