बगोदर में करंट की चपेट में आने से युवक की मौत
बगोदर विधानसभा क्षेत्र के अलपीटो पंचायत में हाई टेंशन बिजली तार की चपेट में आने से राजेश यादव की दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने शव को घर के पीछे खेत में पाया। पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार को मुआवजा और नौकरी की पेशकश की गई।

बगोदर, प्रतिनिधि। बगोदर विधानसभा क्षेत्र के अलपीटो पंचायत अंतर्गत छाताटांड़ में हाई टेंशन बिजली तार की चपेट में आने से राजेश यादव की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, राजेश गुरुवार शाम घर नहीं लौटे थे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
घटना की जानकारी
शुक्रवार की सुबह उनका शव घर के पीछे मकई बारी में पड़ा मिला। शव देखते ही परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। घटना की सूचना पर बिजली विभाग के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया।
स्थानीय नेताओं की प्रतिक्रिया
मौके पर पहुंचे जिप सदस्य शेख तैयब ने बताया कि घटनास्थल के पास हाई टेंशन तार काफी नीचे झूल रहा था। संभावना है कि उसी के संपर्क में आने से राजेश की मौत हुई है। एसडीओ ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की घोषणा की है। अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार रुपये तत्काल सहयोग के रूप में दिए गए। शेख तैयब ने बताया कि मृतक की पत्नी किरण कुमारी को उपरैली बोदरा सब स्टेशन में केजुअल पर नौकरी दिए जाने की भी मांग की गई है। बताया कि राजेश घर के इकलौते कमाऊ सदस्य थे और उनके दो छोटे बच्चे हैं। मौके पर प्रभारी मुखिया बिनोद रजक, भाकपा माले नेता जानकी शर्मा, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि भीखन रविदास, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि धनेश्वर यादव, पूर्व पंचायत समिति सदस्य महेश यादव, अशोक यादव, सिंटी यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।


