बाढ़ के पानी में रील बनाते समय डूबे दो किशोरों की मौत
बलिया, संवाददाता। बाढ़ के पानी में रील बनाते समय रविवार को दो किशोर
बलिया, संवाददाता। बाढ़ के पानी में रील बनाते समय रविवार को दो किशोर डूब गये। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम के करीब एक घंटे के प्रयास के बाद दोनों का शव पानी से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतकों के गांव-घर में मातम पसर गया। जानकारी होने पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गये थे।बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर निवासी 17 वर्षीय गोलू पुत्र अजय शंकर गोंड तथा 16 वर्षीय अनीश पुत्र चुन्नू अंसारी हमउम्र गांव के ही तीन अन्य दोस्तों अर्जुन ओझा, असलम और अरमान के साथ दो बाइकों पर सवार होकर बाढ़ का नजारा लेने पहुंचे।
सभी कई जगहों से घुमते हुए दुबहड़ थाना क्षेत्र के टेकार गांव के पास पहुंचे। वहां पर बंधा से कुछ दूरी पर बने पुलिया पर चढ़कर रील बनाने के साथ ही बाढ़ के पानी में नहाने लगे। बताया जाता है कि इस दौरान गोलू गहरे पानी में जाकर डूबने लगे। उसको बचाने पहुंचा अनीश भी पानी में समा गया। साथ में मौजूद तीन अन्य दोस्तों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे और मामले से पुलिस को अवगत कराया। खबर मिलते ही दुबहड़ थाने की पुलिस पहुंच गयी। इसके बाद एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया। पुलिस की सूचना पर परिजन और गांव के लोग रोते-बिलखते पहुंच गये। किशोरों की खोजबीन होने लगी तथा करीब एक घंटे के बाद प्रयास के बाद दोनों के शव पानी से बरामद हो सका। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जा में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। इस सम्बंध में एसओ दुबहड़ अनुपम जायसवाल का कहना है कि बाढ़ के पानी में नहाते समय दो लड़कों की डूबकर मौत हुई है। शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।


