आसंगी चेकडैम में डूबे एनआईटी छात्र का शव चार दिन बाद दोमुहानी से बरामद
एनआईटी जमशेदपुर के अंतिम वर्ष के छात्र मीर तनवीर हसन का शव आसंगी चेकडैम में डूबने के चार दिन बाद बरामद किया गया। वह दोस्तों के साथ नहाने गए थे और तेज बहाव में डूब गए। घटना के बाद छात्रों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पूरी संस्थान में शोक की लहर है।

आदित्यपुर के आसंगी चेकडैम में डूबे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) जमशेदपुर के बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र मीर तनवीर हसन का शव गुरुवार सुबह सोनारी के दोमुहानी क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। पश्चिम बंगाल के बर्धमान निवासी तनवीर रविवार को दोस्तों के साथ खरकाई नदी स्थित चेकडैम में नहाने गए थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में डूब गए। घटना के बाद पुलिस, प्रशासन, एनडीआरएफ और गोताखोरों ने लगातार चार दिनों तक सर्च अभियान चलाया। गुरुवार सुबह शव मिलने के बाद परिजनों और एनआईटी के छात्रों का इंतजार समाप्त हुआ, लेकिन पूरे संस्थान में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सहपाठियों और शिक्षकों ने तनवीर को मेधावी व मिलनसार छात्र बताते हुए श्रद्धांजलि दी। घटना के बाद छात्रों ने चेकडैम और अन्य जलाशयों पर सुरक्षा व्यवस्था, चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।


