चार बच्चियों की मौत के आठ घंटे में परिजनों को मिला चार-चार लाख का मुआवजा
बिहार के इनारवाभार पंचायत में पोखर में डूबने से चार बच्चियों की मौत हो गई। प्रशासन ने घटना के आठ घंटे के भीतर मृतकों के परिजनों को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी। जिलाधिकारी के निर्देश पर राहत राशि का वितरण किया गया, जिससे परिवारों को तुरंत आर्थिक सहारा मिला।

पहाड़पुर, निज संवाददाता। इनारवाभार पंचायत के बनकट गांव गिधा चवर सरेह के पोखर में डूबने से चार बच्चियों की मौत के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार की देर शाम सभी मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि का चेक दे दिया है। हादसे के महज आठ घंटे के अंदर राहत राशि उपलब्ध कराए जाने से शोकाकुल परिवारों को तत्काल आर्थिक सहारा मिला है। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव के निर्देश पर अंचल प्रशासन ने आपदा राहत के तहत निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर मृतकों के आश्रितों को चेक प्रदान किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
विदित हो कि शुक्रवार सुबह करीब दस बजे इनरवाभार पंचायत के बनकट गांव के वार्ड नंबर सात के समीप गिधा चवर सरेह स्थित पोखर में डूबने से चार बच्चियों की मौत हो गई थी। मृतकों में प्रमोद महतो उर्फ भिखारी महतो की दो पुत्रियां सोनामति कुमारी (13) और फूलमती कुमारी (11), अच्छेलाल पासवान की पुत्री प्रतिभा कुमारी (7) तथा वीरेंद्र महतो की पुत्री कृति कुमारी (11) शामिल हैं। एक साथ चार बच्चियों की मौत से बनकट गांव में मातम पसरा है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, प्रशासन द्वारा उसी दिन राहत राशि उपलब्ध कराए जाने को पीड़ित परिवारों के लिए तत्काल मदद के रूप में देखा जा रहा है।


