फतेहपुर में मूर्ति विसर्जन के बाद नहाते समय सगे भाइयों समेत तीन युवक डूबे
हादसा...मूर्ति विसर्जन के दौरान दो भाइयों समेत तीन डूबेमूर्ति विसर्जन के दौरान दो भाइयों समेत तीन डूबेमूर्ति विसर्जन के दौरान दो भाइयों समेत तीन डूबेम

फतेहपुर (गाजीपुर/खखरेरू)। श्रीकृष्ण मूर्ति विसर्जन के बाद नदी में नहाना शुक्रवार को तीन युवकों के लिए जानलेवा साबित हुआ। जिले के दो अलग-अलग स्थानों पर यमुना और ससुर खदेरी नदी में नहाते समय दो सगे भाइयों समेत तीन युवक डूब गए। देर शाम तक स्थानीय गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश जारी रही, लेकिन किसी का पता नहीं चल सका। प्रशासन ने एडीआरएफ को भी सूचना दी है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि गाजीपुर निवासी मनोज वाल्मीकि के तीनों बेटे 21 वर्षीय कृष्णा, 19 वर्षीय साहिल और 17 वर्षीय वासू शुक्रवार को ग्रामीणों के साथ यमुना नदी के औगासी घाट पर श्रीकृष्ण की मूर्ति विसर्जन करने गए थे।
मूर्ति विसर्जन के बाद सभी लोग नदी में नहाने लगे। इसी दौरान वासू गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में उसका भाई साहिल भी नदी में डूबने लगा। बड़ा भाई कृष्णा भी बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन साथ नहा रहे लोगों ने उसे रोक लिया। पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों भाइयों की तलाश शुरू कराई गई। नदी में तेज बहाव और जलस्तर बढ़ा होने के कारण देर शाम तक दोनों का पता नहीं चल सका।इसी तरह खखरेरू थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव के पास बैरी गांव निवासी 35 वर्षीय मनीष कुमार ससुर खदेरी नदी में मूर्ति विसर्जन करने पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक, विसर्जन के दौरान मनीष गहरे पानी में उतर गए। इसी बीच तेज बहाव की चपेट में आने से वह नदी में बह गए। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में मनीष की तलाश कराई गई। खागा एसडीएम अश्वनी पांडेय भी मौके पर पहुंचे। शाम करीब पांच बजे राज्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक कृष्णा पासवान ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। देर रात तक मनीष की तलाश जारी रही, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि दोनों घटनाओं में कुल तीन लोग नदी में डूबे हैं। पुलिस और अन्य टीमें मौके पर मौजूद हैं और डूबे युवकों की तलाश कराई जा रही है।

