एनीकट में डूबने से तीन भाई-बहन समेत चार की मौत
राजस्थान के डूंगरपुर में रविवार को एक परिवार के चार सदस्यों की डूबने से मौत हो गई। इसमें तीन भाई-बहन शामिल हैं। ये सभी लोग एनीकट में नहा रहे थे। घटना के समय दो अन्य को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि चार की मृत्यु हो गई। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

जयपुर, एजेंसी। राजस्थान के डूंगरपुर जिले में रविवार को एनीकट में डूबने से तीन भाई-बहन समेत एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य को सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस के अनुसार, यह हादसा धंबोला थाना क्षेत्र के बड़ी गांव में हुआ। बताया गया कि एक ही परिवार के छह युवक-युवतियां स्कूल मैदान के पास स्थित एनीकट में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान 24 वर्षीय हीना, 20 वर्षीय भाई प्रतीक, 15 वर्षीय बहन इशिता और 20 वर्षीय चचेरा भाई रौनक (जो गुजरात के पालनपुर का था) गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
पुलिस के अनुसार, इनकी चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाने का प्रयास किया। पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों ने राजवीर और जयसिंह नामक दो युवकों को सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन हीना, प्रतीक, इशिता और रौनक की डूबने से मौत हो गई। बाद में ग्रामीणों की मदद से चारों के शव निकालकर सिमलवाड़ा अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए। वहीं, बचाए गए युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


