बाढ़ के पानी में महिला समेत पांच की डूबने से मौत
मृतकों में एक ही परिवार के हैं चार सदस्य बाढ़ के पानी में स्नान करने

सबौर (भागलपुर), संवाददाता। जिले के बाईपास थाना क्षेत्र के कोयली खुटहा गांव में बाढ़ के पानी में डूबने से एक ही परिवार के चार समेत पांच लोगों की मौत हो गई। मृतक में एक महिला भी शामिल है। घटना गुरुवार दोपहर 3 बजे के आसपास की बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक, परिवार के लोग खेत जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में सड़क पर बाढ़ का पानी जमा था। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण परिवार के कुछ सदस्य गहरे पानी में चले गए। एक व्यक्ति को डूबता देखकर दूसरे लोग उसे बचाने के लिए आगे बढ़े। इसी तरह एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में सभी लोग गहरे पानी में डूब गए। हालांकि गोराडीह के सीओ कुमार शिवम ने बताया कि किसी पर्व को लेकर कुछ लोग सड़क पर बाढ़ के पानी में स्नान कर रहे थे। ये लोग भी स्नान करने लगे। जिसमें पांव फिसलने के कारण सभी गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
बचाव प्रयास
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और स्थानीय ग्रामीणों ने बचाव का प्रयास शुरू किया। सभी को पानी से बाहर निकालकर मायागंज अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मुखिया एवं अन्य के साथ अस्पताल पहुंचकर सभी शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाईपास थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि मृतकों में एक ही परिवार के चार की मौत हुई है। एक अन्य किशोर की भी डूबने से मौत हुई है। मृतकों की पहचान कोयली खुटहा के मुकेश साह की 35 वर्षीय पत्नी मंचो देवी, इनके दो पुत्र अभिषेक कुमार (9 वर्ष), अक्षय कुमार (8 वर्ष) एवं पुत्री सोनाक्षी कुमारी (13 वर्ष) है। ये चारों एक ही परिवार के हैं। वहीं, होमगार्ड जवान लोको देवी की 16 वर्षीय बेटी अंशु प्रिया की भी डूबने से मौत हो गई। सीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने की पुष्टि होने के बाद मृतक के आश्रितों को सरकारी सहायता दी जाएगी।


