आगरा नहर में डूबने से युवक की मौत
फरीदाबाद में एक युवक की नहर में डूबने से मौत हो गई। 23 वर्षीय अंकुश अपने दोस्त गौरव के साथ नहाने गया था, लेकिन उसे तैरना नहीं आता था। परिजनों ने आरोपी मित्र की लापरवाही पर जांच की मांग की है। शव को एसडीआरएफ ने बरामद किया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।

दोस्त के साथ नहाने गया था, शव बरामद गहरे पानी में चला गया, तैरना नहीं जानता था
घटना का विवरण
फरीदाबाद, संवाददाता। फरीदाबाद के खेड़ी थाना क्षेत्र स्थित खेड़ी पुल के पास आगरा नहर में गुरुवार दोपहर नहाने गए 23 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। शुक्रवार दोपहर एसडीआरएफ की टीम ने कई घंटों की तलाश के बाद शाहपुर कला के पास से उसका शव बरामद किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में परिजनों ने युवक के दोस्त की लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतक का परिचय
भारत कॉलोनी निवासी अंकुश गुरुवार दोपहर अपने दोस्त गौरव के साथ खेड़ी पुल के पास गया था। परिजनों के अनुसार उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि दोनों नहर में नहाने के लिए उतरेंगे। बताया गया कि कुछ देर तक दोनों नहर के किनारे नहाते रहे, लेकिन इसी दौरान अंकुश गहरे पानी में चला गया। उसे तैरना नहीं आता था और तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते पानी में बह गया। अंकुश के भाई बंटी ने बताया कि घटना की सूचना उन्हें गौरव ने फोन पर दी थी। इसके बाद से गौरव परिवार के संपर्क में नहीं है। उनका आरोप है कि गौरव ही अंकुश को नहर में नहाने के लिए लेकर गया था और उसकी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही खेड़ी थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नहर में तलाश अभियान शुरू किया। शुक्रवार दोपहर शाहपुर कला के पास आगरा नहर से अंकुश का शव बरामद कर बाहर निकाला गया। खेड़ी थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अशेाक जैन
सामान्य प्रश्न
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


