बिहुल नदी में डूबने से महिला की मौत, गांव में पसरा मातम
मरौना, एक संवाददाता नदी थाना क्षेत्र के इनरबा कुलहरिया वार्ड 3 में बुधवार को

मरौना, एक संवाददाता नदी थाना क्षेत्र के इनरबा कुलहरिया वार्ड 3 में बुधवार को बिहुल नदी में डूबने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान सरोजा बेला पंचायत के वार्ड 3 निवासी गंगाई महतो की करीब 32 वर्षीय पत्नी अंजली देवी के रूप में हुई है। सरोजा बेला पंचायत के मुखिया अशोक कुमार यादव ने बताया कि अंजली देवी अपने मवेशियों के लिए नदी के उस पार चारा लाने गई थी। चारा लेकर वापस लौटने के क्रम में अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चली गई और डूब गई। शाम तक महिला के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की।
इस दौरान ग्रामीणों ने नदी घाट से कुछ दूरी पर उन्हें खोज निकाला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने महिला को नदी से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना नदी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुमित भारती पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल है।


