महिला-युवक के शव पेड़ से मिले लटकते
हरपालपुर के हैदराबाद मजरा उमरौली जैतपुर में एक युवक और एक शादीशुदा महिला ने पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रेम प्रसंग के चलते दोनों ने यह कदम उठाया। युवक हाल ही में राजस्थान से आया था और महिला के पति कानपुर गए थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हरपालपुर। अरवल थाना क्षेत्र के गांव हैदराबाद मजरा उमरौली जैतपुर में एक युवक और एक शादीशुदा महिला ने अलग-अलग पेड़ों पर फांसी लगाकर जान दे दी। इस घटना के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रेम प्रसंग के चलते आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आ रही है। दोनों एक ही बिरादरी के हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हैदराबाद गांव निवासी 18 वर्षीय युवक राजस्थान में मजदूरी करता था। हाल ही में गांव आया हुआ था। ग्रामीणों के अनुसार, उसका गांव की ही एक शादीशुदा 28 वर्षीय महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि बीती रात लगभग 8:30 बजे महिला के देवर ने इसकी जानकारी मिलने पर युवक के घर पहुंचकर शिकायत की थी। इसके बाद घर में उसे काफी समझाया गया। इस बात से क्षुब्ध होकर युवक गुस्से में घर से बाहर कुसुमखोर घाट किनारे बने गंगा पुल की ओर निकल गया। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी काफी तलाश की पर कोई सुराग नहीं मिला।शुक्रवार की सुबह जब गांव के किसान खेतों की ओर गए तो उन्होंने पेड़ पर चारपाई के बान के सहारे बने फांसी के फंदे पर युवक का शव लटका देखा। पेड़ के नीचे उसकी चप्पलें रखी थीं। जेब में मोबाइल था। ग्रामीण अभी इस घटना से स्तब्ध ही थे कि करीब 500 मीटर दूर दूसरे पेड़ से साड़ी के फंदे पर महिला का शव भी लटका मिला। ग्रामीणों के अनुसार महिला की शादी आठ साल पहले हुई थी। उसका मायका भी इसी गांव में था। मृतका का पति किसी काम से कानपुर गया था। मृतक युवक तीन भाई और एक बहन में तीसरे नंबर पर था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। सीओ का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।


