मारकुंडी घाटी की खाई में नवविवाहित दंपती के मिले सड़े-गले शव

हिन्दुस्तान, सोनभद्र
Follow us on Google News
share

मारकुंडी घाटी की खाई में नवविवाहित दंपती के मिले सड़े-गले शवदा यादव फाइल फोटो। फोटो कैप्सन:5-मारकुंडी घाटी के खाई में घटना स्थल पर जांच करती पुलिस और

मारकुंडी घाटी की खाई में नवविवाहित दंपती के मिले सड़े-गले शव

सोनभद्र, संवाददाता। चोपन थाना क्षेत्र स्थित मारकुंडी घाटी के तीसरे मोड़ के नीचे रविवार सुबह गहरी खाई से एक नवविवाहित दंपती के सड़े-गले शव मिलने से हड़कंप मच गया। शवों के पास एक बाइक भी बरामद हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टा मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की बात कह रही है। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने मारकुंडी घाटी की गहरी खाई में एक महिला और एक पुरुष के शव पड़े देखे। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। शव कई दिनों पुराने होने के कारण पूरी तरह सड़-गल चुके थे तथा उनमें कीड़े पड़ गए थे। शवों की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अनुमान लगाया कि दोनों की मौत करीब चार से पांच दिन पहले हुई होगी। सूचना पर गुरमा चौकी प्रभारी श्रीप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को गहरी खाई से बाहर निकाला गया। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए तथा पास में मिली बाइक को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस ने मृतकों की पहचान 22 वर्षीय राहुल यादव पुत्र बबुंदर यादव तथा उनकी 19 वर्षीय पत्नी चंदा यादव उर्फ इंद्रावती यादव, निवासी ग्राम बिच्छी, कोतवाली रॉबर्ट्सगंज के रूप में की है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी भेज दिया गया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता ने बताया कि अब तक की जांच में प्रथम दृष्टा ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बाइक अनियंत्रित होकर मारकुंडी घाटी की खाई में गिर गई, जिससे दंपती की मौत हो गई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। परिवार की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है。

दो माह पहले हुई थी शादी, दर्शन की बात कहकर निकले थे

चोपन थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता ने बताया कि राहुल यादव और चंदा यादव की शादी इसी वर्ष छह मई को सलखन में हुई थी। राहुल अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जबकि चंदा रॉबर्ट्सगंज नगर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत थी। पुलिस के अनुसार राहुल आठ जुलाई को दर्शन करने की बात कहकर घर से निकला था। रॉबर्ट्सगंज पहुंचने के बाद वह अपनी पत्नी को भी साथ लेकर चला गया था। इसके बाद दोनों का कोई सुराग नहीं मिला।

परिजन समझे दर्शन को गए हैं, इसलिए नहीं दर्ज कराई गुमशुदगी

युवती के मायके वालों ने बताया कि जब चंदा का मोबाइल फोन नहीं लगा तो वे उसके कार्यस्थल अस्पताल पहुंचे। वहां उन्हें बताया गया कि वह अपने पति के साथ उज्जैन दर्शन के लिए गई है और एक-दो दिन में लौट आएगी। वहीं राहुल के परिजन भी उसे दर्शन के लिए गया हुआ मान रहे थे। इसी कारण किसी पक्ष ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। रविवार को दोनों के शव मिलने की सूचना से दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया।

सामान्य प्रश्न

राहुल और चंदा की शादी कब हुई थी?
राहुल और चंदा की शादी इसी वर्ष छह मई को सलखन में हुई थी।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।