ललितपुर में मासूम बेटे को कमर से बांध कुएं में कूदी महिला, दोनों की मौत
जाखलौन के हरदौल मोहल्ले में एक गर्भवती महिला ने अपने चार साल के बेटे के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। दोनों शवों को पुलिस ने बाहर निकाला। पूजा अपने पति के साथ पारिवारिक झगड़ों से परेशान थी। पति स्कूल गया था, जबकि सास घर पर थी। मौत के कारण की जांच शुरू कर दी गई है।

ललितपुर, संवाददाता। जाखलौन कस्बे के हरदौल मोहल्ले में सोमवार सुबह एक गर्भवती महिला अपने चार साल के मासूम बच्चे को कमर से बांध कुएं में कूद गई। काफी तलाशने के बाद पानी भरे कुएं में दोनों के शव मिले। पुलिस की मौजूदगी में मां-बेटे को बाहर निकाला गया। सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली कि मां-बेटे के शव कुएं में पड़े हैं। जाखलौन पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया। पूछताछ में पता चला कि पुरुषोत्तम कुशवाहा की 26 वर्षीय पत्नी पूजा गर्भवती थी। रोज-रोज के पारिवारिक झगड़ों से आजिज आकर पूजा अपने चार साल के बच्चे डूग्गू को लेकर बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गई। इधर, परिजनों ने तलाश शुरू की पर कुछ पता नहीं चला। ग्रामीणों ने मोहल्ले के कुएं में झांककर देखा तो दो शव उतरा रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने दोनों शवों को बाहर निकाला तो सभी को होश उड़ गए। गीता अपने बेटे डुग्गू को साड़ी से कमर से बांधे हुए थी। दोनों की मौत की सूचना परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। सीओ ने बताया कि पति समेत पड़ोसियों से पूछताछ के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दोनों के शरीर पर किसी तरह से चोट के निशान नहीं मिले हैं। संभवत: डूबने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही होगी。
घटना के समय स्कूल गया था पति, घर पर थी सास
हरदौल मोहल्ला निवासी 26 वर्षीय पूजा का पति पुरुषोत्तम कुशवाहा धौर्रा के एक निजी विद्यालय में शिक्षक है। हर रोज की तरह वह सोमवार सुबह स्कूल चला गया था। वहीं उसके पिता यानि पूजा के ससुर हरचरन खेत पर गए थे। उसकी सास घर में घरेलू कामकाज कर रही थी। महिला अपनी सास को बिना बताए घर से निकल गयी थी। इसके बाद महिला के ससुरालीजनों को घटना की जानकारी मिली। पत्नी और बच्चे की मौत के बाद पति का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। ससुर और सास के भी आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। दो शवों और पूरे परिवार की हालत देख गांव के ग्रामीणों की भी आंखे नम हो गयीं। जाखलौन पुलिस ने मृतका के परिजनों से घटना की वजह जानने का प्रयास किया लेकिन वह कुछ भी नहीं बता सके। आस पड़ोस में रहने वाले लोगों ने भी अनभिज्ञता जाहिर की। हालांकि, जाखलौन थाना पुलिस घटना की तह तक जाने में जुट गयी है।

