Bareily News: इफको में मजदूर की मौत, शव रखकर किया प्रदर्शन
Bareily News: इफको यूरिया प्लांट में ठेकेदार के अंतर्गत कार्यरत 50 वर्षीय मजदूर धनपाल की ड्यूटी के दौरान हार्टअटैक से मृत्यु हो गई। परिजनों ने प्रदर्शन करते हुए मुआवजे और एक परिवार के सदस्य को नौकरी की मांग की। प्रशासन ने दो लाख रुपये और नौकरी देने का आश्वासन दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

Bareily News: इफको यूरिया प्लांट में ठेकेदार के अंतर्गत पिछले कई वर्षों से कार्य कर रहे मजदूर की मंगलवार को ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। इफको प्रबंधन ने हार्टअटैक से मौत होना बताया है। मगर परिजन ने फैक्ट्री गेट पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। एसडीएम, सीओ और ब्लॉक प्रमुख पति के समझाने और एक परिवार के एक व्यक्ति को दैनिक वेतन पर नौकरी व दो लाख रुपये देने पर मामला निपट गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा है। भमोरा थाना क्षेत्र के गांव भरताना निवासी 50 वर्षीय धनपाल करीब एक दशक से इफको में मेसर्स भगवती एंड कम्पनी के अन्तर्गत मजदूरी करते रहे हैं।
मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे ड्यूटी के दौरान उनकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई। मौत की सूचना पर ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने धनपाल की मौत को लेकर कई आरोप लगाए। उन्होंने शव इफको संयंत्र गेट पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे इफको प्रबंधन में हड़कम्प मच गया। इफको पीआरओ ने बताया कि धनपाल की मौत हृदय गति के रुकने से हुई है, स्टाफ उनको लेकर अस्पताल भी गया था। प्रदर्शन की सूचना पर इफको मुख्य सुरक्षा अधिकारी मेजर बख्शी सुरक्षा कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए और परिजन को समझाने का प्रयास किया। इस बीच एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा, सीओ हेमंत उपाध्याय, आलमपुर जाफराबाद ब्लॉकप्रमुख पति वेद प्रकाश यादव, इफको की डीजीएम पी एंड ए निधि मूर्ति, डिप्टी मैनेजर आनन्द मणी रतूड़ी भी मेन गेट पर पहुंचे। मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने के साथ ही परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की गई। बाद में तय हुआ कि मृतक के परिवार से एक व्यक्ति को इफको के नियमों के अनुसार दैनिक वेतन पर नौकरी दी जाएगी, जो कॉन्ट्रैक्टर बदलने के बाद भी सुचारु रहेगी। साथ ही पीड़ित परिवार को दो लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


