जनरेटर रूम में दम घुटने से इंटरनेट कंपनी के दो इंजीनियरों की मौत
देहरादून के पटेल नगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें दो युवा इंजीनियर्स रोहित सिंह और लवकुश की जनरेटर रूम में दम घुटने से मौत हो गई। दोनों ने इंटरनेट सेवा में तकनीकी समस्या की जांच के लिए वहां प्रवेश किया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

देहरादून। पटेल नगर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। सुभाष नगर के संधु सेंटर स्थित ईशान नेट सोल प्राइवेट लिमिटेडकंपनी के जनरेटर रूम में दम घुटने से दो युवा इंजीनियरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान रोहित सिंह (29), निवासी हरिद्वार और लवकुश (26), पुत्र रामसागर, निवासी फैजाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों कंपनी में इंटरनेट मेंटेनेंस का कार्य देखते थे। पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे इंटरनेट सेवा में तकनीकी समस्या आने पर दोनों इंजीनियर जांच के लिए जनरेटर रूम में गए थे। इसके बाद वे बाहर नहीं आए।
बुधवार सुबह जब सुरक्षा गार्ड ने कमरे में झांका तो दोनों अचेत अवस्था में पड़े थे। गार्ड ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पटेल नगर कोतवाली प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। प्रथम दृष्टया जनरेटर से निकली जहरीली गैस के कारण दम घुटने को ही मौत की वजह माना जा रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


