गूगल पर 15 दिन से खुदकुशी का तरीका खोज रही थी प्रियंका
कौशाम्बी के महिला थाने पर तैनात रिक्रूट महिला आरक्षी प्रियंका यादव ने मंगलवार सुबह खुद को रायफल से गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी। उसकी मोबाइल सर्च हिस्ट्री में खुदकुशी से जुड़ी जानकारियों की खोज के चलते तनाव की वजह तलाशने का प्रयास किया जा रहा है।

कौशाम्बी के महिला थाने पर तैनात रिक्रूट महिला आरक्षी प्रियंका यादव ने मंगलवार सुबह खुद को रायफल से गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी। उसने थाने के दफ्तर में आत्मघाती कदम उठाया था। प्रकरण की जांच के दौरान उसके मोबाइल की सर्च हिस्ट्री अहम कड़ी बनकर सामने आई है। पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में पता चला है कि प्रियंका पिछले करीब 15 दिनों से गूगल पर खुदकुशी से जुड़ी जानकारियां तलाश रही थी। इसके बाद अधिकारी इस नतीजे पर पहुंचे हैं कि वह तनाव में थी। अब तनाव की वजह तलाशी जा रही है।
सर्च हिस्ट्री खंगाल रही पुलिस-
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रियंका लगातार ऐसी जानकारी क्यों तलाश रही थी और इस दौरान उसकी किन लोगों से बातचीच हुई। मोबाइल की कॉल डिटेल, चैट व इंटरनेट सर्च हिस्ट्री की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जानने का प्रयास कर रही है कि क्या वह किसी व्यक्ति, पारिवारिक परिस्थिति या अन्य वजह से तनाव में थी।
----
बैग में मिला मंगलसूत्र-
जांच के दौरान प्रियंका के बैग से मंगलसूत्र मिलने के बाद पुलिस की पड़ताल का दायरा और बढ़ गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मंगलसूत्र किसका है और वह प्रियंका के पास कैसे पहुंचा। इस संबंध में उसके परिजनों और करीबियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि मामले की जांच एएसपी कर रही हैं। अभी मौत की वजह को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। परिजनों और सहकर्मियों से बातचीत के साथ मोबाइल व अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
----
अन्य पुलिस कर्मचारियों से भी पूछताछ
थाने पर कुल 35 महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती है। जांच अधिकारी एएसपी अमिता सिंह अब लगभग सभी से पूछताछ कर चुकी हैं। दिवंगत की करीबी सिपाहियों से तो कई-कई बार बातचीत की गई है। उन्होंने बताया कि किसी को भी पता नहीं है कि प्रियंका किस कारण से तनाव में थी। कोई यह भी नहीं बता सका कि उसका किसी से विवाद आदि हुआ था या फिर काम का बोझ अधिक था कि नहीं।


