रात में टूटा लिंटर, कमरे में सो रहे निजी चिकित्सक की दबकर मौत
बरहूपुर गांव में मंगलवार रात एक कमरे का लिंटर गिरने से 55 वर्षीय निजी चिकित्सक रामकुमार वर्मा की मौत हो गई। परिवार के अन्य सदस्य सुरक्षित रहे। रामकुमार कमरे में सो रहे थे जबकि उनका बेटा बरामदे में पढ़ाई कर रहा था। मलबे में दबने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
पट्टी, हिन्दुस्तान संवाद। इलाके के बरहूपुर गांव में मंगलवार रात कमरे का लिंटर ढहने से उसके नीचे उसमें सो रहे निजी चिकित्सक की मौत हो गई। परिवार के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में होने से सुरक्षित बच गए। बरहूपुर गांव निवासी 55 वर्षीय रामकुमार वर्मा निजी चिकित्सक के साथ ही खेती भी करते थे। मंगलवार रात अपने कमरे में सोने चले गए। परिवार के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे। जबकि उनका बेटा भानु प्रताप वर्मा कमरे के बाहर बरामदे में बैठकर पढ़ाई कर रहा था। रात करीब 10 बजे तेज आवाज हुई तो बेटा भानु प्रताप दौड़कर कमरे में पहुंचा तो देखा कि छत का लिंटर भरभराकर गिर गया था और उसके पिता मलबे में दबे थे।
बेटे के शोर पर परिवार के साथ आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। काफी प्रयास के बाद मलबे से रामकुमार को बाहर निकाला गया। उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार के लोगों ने बताया कि घर 1986 में बना था। कमरे की छत जर्जर हो गई थी।

