आरक्षी पर पत्नी को खुदकुशी के लिए प्रेरित करने का मुकदमा
कौशाम्बी पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी रवि सिंह की पत्नी शिवानी की मौत के मामले में आरोप लगाया गया है कि रवि ने उसकी प्रताड़ना की थी। पुलिस ने खुदकुशी के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज किया है। मृतका के भाई ने कहा कि रवि ने शिवानी का फोन छीन लिया था और उसे भोजन नहीं देता था।

कौशाम्बी पुलिस लाइन में तैनात इटावा निवासी आरक्षी रवि सिंह की पत्नी की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। इल्जाम है कि आरक्षी की प्रताड़ना से परेशान होकर ही उसकी बीवी ने फांसी लगाकर जान दी थी। मृतका के भाई की तहरीर पर मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने खुदकुशी के लिए प्रेरित करने का मुकदमा कायम कर लिया है। कप्तान ने जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही है। इटावा जिले के चकर नगर थाना क्षेत्र के नगला बैल गांव निवासी रवि सिंह पुत्र शोभरन सिंह वर्ष 2021 बैच के आरक्षी हैं। इन दिनों उनकी तैनाती कौशाम्बी पुलिस लाइन में है। उनकी शादी दो अप्रैल 2026 को 24 वर्षीय शिवानी पुत्री जगदीश निवासी यदुनाथ नगर, थाना एवं जनपद भिंड, मध्य प्रदेश के साथ हुई थी। दंपती मंझनपुर में कोर्रो रोड पर किराए का कमरा लेकर तीसरी मंजिल पर रहते थे। गुरुवार की शाम शिवानी का शव किराए के कमरे में फांसी के फंदे पर लटकता हुआ मिला था। मौके पर पुलिस के पहुंचने के बाद दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया था। मृतका के भाई अखिलेश सराहिया ने शुक्रवार को पुलिस को तहरीर दी। इसमें आरोप लगाया कि आरक्षी रवि सिंह उसकी बहन शिवानी को प्रताड़ित करता था। प्रताड़ना से तंग आकर ही उसने खुदकुशी की है। तहरीर के आधार पर मुकदमा कायम कर लिया गया है.
फोन छीनने का आरोप
मृतका के भाई अखिलेश सराहिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घटना के चार दिन पहले से ही आरक्षी रवि ने शिवानी का मोबाइल फोन छीन लिया था। घटना वाली सुबह उसने अपने फोन से शिवानी की बात कराई थी। तब शिवानी ने भाई समेत अन्य परिजनों से बताया था कि रवि उसको पीटता है। परिवार वाले कौशाम्बी के लिए निकल पड़े थे। इसी बीच उनको शिवानी की मौत की जानकारी मिली। आरोप यह भी है कि रवि सिंह शिवानी के साथ मारपीट करने के साथ उसको भोजन भी नहीं देता था।


