दिवंगत आरक्षी को पुलिस लाइन में दी गई भावभीनी श्रद्धाजंलि
बस्ती जिले के परसरामपुर थाने के आरक्षी राहुल कनौजिया का रविवार को गंभीर बीमारी के कारण निधन हो गया। वह ब्लड कैंसर से पीड़ित थे और लखनऊ के एसजीपीजीआई में भर्ती थे। सोमवार को पुलिस लाइन बस्ती में उनका पार्थिव शरीर लाया गया, जहां पुलिस अधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

बस्ती, निज संवाददाता। जिले के परसरामपुर थाने पर तैनात रहे आरक्षी राहुल कनौजिया का पार्थिव शरीर, सोमवार को पुलिस लाइन बस्ती में लाया गया। आरक्षी राहुल का गंभीर बीमारी के चलते रविवार को निधन हो गया था। वह पिछले कुछ समय से ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। तबीयत ज्यादा खराब होने पर एसजीपीजीआई लखनऊ मे भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दिवंगत आरक्षी राहुल (32) मूल रूप से जनपद गोरखपुर के निवासी थे। 17 जुलाई 2018 को आरक्षी के पद पर पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे और वर्तमान में थाना परसरामपुर में उनकी तैनाती थी।
पुलिस लाइन में रविवार को क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह, क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रतिसार निरीक्षक बीके पटेल व अन्य अधिकारियों एवं पुलिस कर्मचारियों की उपस्थिति में दिवंगत आरक्षी के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इसके उपरांत शोक धुन के बीच उपस्थित अधिकारियों व जवानों ने शोक सलामी दी गई। यहां मौजूद शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और हिम्मत बंधाई। पुलिस अफसरों व कर्मियों ने साथी सिपाही के पार्थिव शरीर को कंधा देकर विदा किया।


