भाजपा नेता ने फांसी लगाकर दी जान
वाराणसी में भाजपा नेता सुनील शर्मा ने पारिवारिक कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह 43 वर्ष के थे और काशी विश्वनाथ मंडल के उपाध्यक्ष थे। उनकी पत्नी और दो बेटियों के साथ रह रहे थे। घटना के बाद पोस्टमार्टम से उनका शव परिजनों को सौंप दिया गया, जहां अंतिम संस्कार भाजपा के झंडे में किया गया।

वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। सिद्धगिरि बाग में शुक्रवार देर रात भाजपा नेता 43 वर्षीय सुनील शर्मा उर्फ मुंशी ने फांसी लगाकर जान दे दी। वह काशी विश्वनाथ मंडल के उपाध्यक्ष थे। पोस्टमार्टम के बाद लक्सा पुलिस ने उनका शव परिजनों को सौंप दिया। प्रथम दृष्टया घटना के पीछे पारिवारिक कारण बताए जा रहे हैं। श्री काशी विश्वनाथ गली स्थित मान मंदिर के पास रहने वाले सुनील शर्मा ने वर्ष 2015 में तलाकशुदा महिला से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वह पत्नी और उसकी दो बेटियों के साथ सिद्धगिरि बाग में किराये के मकान में रहने लगे। विश्वनाथ गली में उनकी खिलौने की दुकान थी।
वह साड़ी कारोबार से भी जुड़े थे। शुक्रवार देर रात उन्होंने फांसी लगाकर जान दे दी। शनिवार सुबह लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची लक्सा पुलिस और फोरेंसिक टीम ने छानबीन की। लक्सा थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद भाजपा नेता का शव परिजनों को सौंप दिया गया।उधर, भाजपा नेता सुनील शर्मा की खुदकुशी की जानकारी मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। उनके आवास पर पहुंच कर लोगों ने शोक जताया। मणिकर्णिका घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। वह भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे इसलिए उनका शव भाजपा के झंडे में लपेट कर घाट पर लाया गया।


