चोरी के शक में चार घंटे बंधक रहा किशोर, पार्क में मिला शव
उतरेठिया में 16 वर्षीय अभय की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने डेंटल कॉलेज के कर्मचारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। अभय की मां का आरोप है कि उसे चोरी के शक में पीटा गया। अभय ने अपनी मां को फोन पर पिटाई की बात बताई थी।

उतरेठिया में अभय (16) की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि चोरी के शक में डेंटल कॉलेज के कर्मचारियों ने उसे पकड़कर घंटों रोके रखा, मारापीटा। मां का आरोप है कि आरोपी उसे स्थानीय पुलिस चौकी भी ले गए। उसके बाद बुधवार देर रात पार्क में अचेत मिले किशोर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मां की तहरीर पर पुलिस ने डेंटल कॉलेज के अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीजीआई इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि अभय बुधवार सुबह करीब 10 बजे डेंटल कॉलेज पहुंचा था। कॉलेज कर्मचारियों को वह संदिग्ध लगा। कर्मचारियों का आरोप था कि वह एसी का पाइप चोरी कर रहा था। पहले भी ऐसी घटना कर चुका है। पुलिस का कहना है कि जांच में यह भी सामने आया है कि किशोर अभय को डेंटल कॉलेज परिसर में करीब चार घंटे तक रोके रखा गया। आरोप है कि उसे जनरेटर के पीछे ऐसे स्थान पर ले जाया गया, जहां सीसीटीवी कैमरों की निगरानी नहीं थी। उसके साथ मारपीट भी की गई。
एंबुलेंस से चौकी लाया गया
पुलिस के मुताबिक बुधवार दोपहर करीब दो बजे डेंटल कॉलेज की एंबुलेंस से किशोर को एल्डिको पुलिस चौकी ले जाया गया। वहां उससे पुलिस वालों ने पूछताछ भी की, लेकिन कोई तहरीर न होने और उसके नाबालिग होने की वजह से उसे घर जाने के लिए कह दिया गया। पुलिस का कहना है कि वह घर नहीं गया, बल्कि चौकी के पास पार्क में चला गया। स्थानीय लोगों के अनुसार उसने आसपास खाना भी मांगा था। रात करीब आठ बजे एक महिला ने उसे पार्क में पड़े देखा। फिर पुलिस को सूचना दी। उसे लोकबंधु अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बेटे ने फोन पर बताई थी पिटाई की बात
मृतक की मां सावित्री ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह बेटे ने मोबाइल पर रोते हुए कहा था कि डेंटल कॉलेज में कुछ लोग चोरी का आरोप लगाकर उसकी पिटाई कर रहे हैं। इसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। देर रात अस्पताल में बेटे का शव देखकर मां बेसुध हो गई। मृतक की मौत के बाद उसकी मां, भाई और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीसीटीवी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी जांच
पुलिस ने मां की तहरीर पर डेंटल कॉलेज के अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर सुनील सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, अन्य साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

