संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी की मौत
सुइथाकलां के भेला गाँव में एक 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। किशोरी की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।

सुइथाकलां, हिन्दुस्तान संवाद। सरपतहां थाना क्षेत्र के भेला गांव में मंगलवार की सुबह करीब 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव निवासी बृजेश खरवार की 17 वर्षीय पुत्री रोली मंगलवार सुबह अपने कमरे में साड़ी के फंदे के सहारे लकड़ी की कड़ी से लटकी मिली। सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
इसके बाद दरवाजा तोड़कर देखा तो किशोरी का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोरी की अचानक मौत से परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है।


