बांका : फांसी के फंदे से लटककर युवती ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
कटोरिया के रंगापतार गांव में एक 16 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मामला अभी भी स्पष्ट नहीं है।

कटोरिया (बांका), निज प्रतिनिधि। जमदाहा ओपी क्षेत्र के रंगापतार गांव में सोमवार रात एक 16 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार सुबह घर के कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिला। मृतका गांव के मनोज यादव की पुत्री रिमझिम कुमारी बताई गई है।
परिवार का बयान
परिजनों के अनुसार, सोमवार रात परिवार के सभी खाना खाकर सदस्य घर में सोए हुए थे। मंगलवार सुबह युवती के कमरे का दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगाई गई, लेकिन अंदर से कोई जबाव नहीं दिया गया। कई बार आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने आसपास के लोगों को बुलाया। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो युवती फंदे से लटकी मिली।
पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर जमदाहा ओपी अध्यक्ष आसिफ अख्तर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में युवती की मौत फंदे से लटकने के कारण होने की बात सामने आई है। हालांकि, आत्महत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मामले में अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।


