दुष्कर्म के मुकदमें से परेशान अधेड़ ने फांसी लगाकर दी जान
रसूलाबाद में दुष्कर्म का झूठा आरोप लगने से परेशान एक अधेड़ व्यक्ति ने पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव शुक्रवार को मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

रसूलाबाद, संवाददाता। दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज होने से परेशान रसूलाबाद थाना क्षेत्र के मालपुरवा गांव के एक अधेड़ ने गांव के बाहर ढाक के एक पेड़ में फांसी लगा ली। इससे उसकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह उसका शव पेड़ में लटका मिला। इससे कोहराम मच गया। परिजनों ने झूठा आरोप लगाए जाने व हत्या कर शव पेड़ में लटकाए जाने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्राथमिक छानबीन करने व फोरेंसिक टीम के साक्ष्य संकलन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मामले का विवरण
मालपुरवा गांव निवासी पैंतालीस वर्षीय अरविंद सिंह गौर पर एक युवती ने दो दिन पहले झांसा देकर कई महीने तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। मामले में युवती के चाचा ने रसूलाबाद थाने में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस आरोपित अरिवंद की तलाश कर रही थी। पुलिस की दबिश से डरकर वह बुधवार शाम को घर से निकल गया था। शुक्रवार सुबह गांव के बाहर एक बाग में उसका शव ढाक के पेड़ में फांसी पर लटका मिला। वहां से निकले लोगों से जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। वहां अरविंद का शव देखते ही कोहराम मच गया। पति की मौत से उसकी पत्नी शीलू सिंह बदहवास हो गई। जबकि पुत्र शिवेंद्र, पुत्री छवि का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर रसूलाबाद शिवनारायण सिंह व कहिंजरी चौकी इंचार्ज प्रवीण मिश्रा ने गांव पहुंचकर उसके परिजनों से पूछताछ व छानबीन की। मृतक के भतीजे अनुराग सिंह व परिजनों ने उस पर दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराने के बाद उसकी हत्या कर शव पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया। जबकि ग्रामीणों ने उसके गांव में होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने व दुष्कर्म का आरोप लगने पर शर्म से आहत होकर आत्महत्या करने की बात कही। फोरेंसिक टीम के साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर रसूलाबाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या की घटना प्रतीत हो रही है। सभी बिदुओं पर छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व परिजनों की तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।


