: बेकाबू कार पुलिया से टकराकर गड्ढे में गिरी, पिता-पुत्र की मौत बेकाबू कार पुलिया से टकराकर गड्ढे में गिरी, पिता-पुत्र
कुशीनगर में बेकाबू कार पुलिया से टकराने के बाद 20 फुट हवा में उड़कर पानी के गड्ढे में गिर गई। इसमें पिता-पुत्र की मौत हुई और छोटे बेटे को गंभीर चोटें आई। सभी बिहार के बेतिया निवासी थे। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
डिबनी बंजरवा (कुशीनगर), हिन्दुस्तान संवाद। कुशीनगर जिले के तमकुहीराज थाना क्षेत्र के लतवा बाजार के समीप एक बेकाबू कार पुलिया से टकराने के बाद 20 फुट हवा में उछलकर पानी से भरे गड्ढे में गिर गई। इसमें बिहार के बेतिया निवासी पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया निवासी सुरेश सिंह (55) वर्ष बड़े बेटे सुधांशु सिंह (25) वर्ष व छोटे हिमांशु सिंह (21) वर्ष के साथ रविवार को कार में सवार होकर जरूरी काम से गोरखपुर गए थे। वहां से रविवार की शाम करीब पांच बजे फोरलेन के रास्ते घर लौट रहे थे।
अभी वह तमकुहीराज थाना क्षेत्र के फोरलेन स्थित लतवा बाजार के समीप पहुंचे थे कि उनकी कार अनियंत्रित होकर फोरलेन के किनारे मौजूद पुलिया से टकराकर करीब बीस फुट हवा में उछलने के बाद पानी भरे गड्ढे में गिर कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने कार सवार पिता व दो बेटों को पानी से बाहर निकाला। इस दौरान सुरेश सिंह की मौके पर मौत हो गई, जबकि दोनों घायल बेटों को सीएचसी तमकुहीराज भेजा गया। वहां इलाज के दौरान बड़े बेटे सुधांशु की मौत गई, जबकि गंभीर रूप से घायल छोटे हिमांशु सिंह को प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज कुशीनगर के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दी。
कोट
फोरलेन पर कार पुलिया से टकराकर हादसे की शिकार हो गई है। इसमें पिता-पुत्र की मौत हो गई है और एक बेटा गंभीर रूप से घायल है। उसका पुलिस की मौजूदगी में इलाज चल रहा है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। शव लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी गई है।
जयंत कुमार, सीओ, तमकुहीराज


