सड़क हादसे में मेजर की मौत, दो लेफ्टिनेंट घायल
राजस्थान के जैसलमेर जिले में एक सड़क हादसे में 30 वर्षीय मेजर हमजा आरिफ की मौत हो गई। यह हादसा ऊंट से टकराने के बाद कार के पलटने से हुआ। लेफ्टिनेंट आयुष्मान गुसाईं और अभिनव राठौड़ गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे की जांच की जा रही है।

जैसलमेर में हादसा, ऊंट से टकराई कार पांच बार पलटी जयपुर, एजेंसी। राजस्थान के जैसलमेर जिले में एक सड़क हादसे में सेना के एक मेजर की मौत हो गई, जबकि दो लेफ्टिनेंट गंभीर रूप से घायल हैं। उनका सेना के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय मेजर हमजा आरिफ के रूप में हुई है। वह मध्यप्रदेश के इंदौर के रहने वाले थे। एक महीने पहले उनकी शादी हुई थी। वहीं, लेफ्टिनेंट आयुष्मान गुसाईं और अभिनव राठौड़ घायल हैं। पुलिस के अनुसार, यह हादसा शहर से करीब छह किलोमीटर दूर थईयात सेना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुआ।
इस दौरान तेज रफ्तार निजी कार ऊंट से टकराने के बाद पांच बार पलटी और सौ मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे के दौरान एक ऊंट की भी मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। थाने के एएसआई जगदीश चरण ने बताया कि मृतक मेजर के शव को पोस्टमार्टम के लिए जैसलमेर के जवाहर हॉस्पिटल में भेजा गया है। बताया गया कि यह हादसा ठीक उसी जगह पर हुआ, जहां एक साल पहले एक निजी बस में आग लगने से 29 यात्रियों की मौत हो गई थी।


