गंडक नदी की तेज धार में नाव पलटी, दो किशोर डूबे
कुबौली गांव के पास गंडक नदी में एक नाव पलटने से दो किशोर डूब गए। घटना के बाद एसडीआरएफ द्वारा दोनों की तलाश की गई, लेकिन शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिला। दोनों परिवार इस हादसे से बहुत दुखी हैं। ग्रामीणों के अनुसार नाव में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें से छह व्यक्ति सुरक्षित निकल आए।

पारू, हिन्दुस्तान संवाददाता। प्रखंड के कुबौली गांव के समीप बुधवार को गंडक नदी की तेज धार में नाव पलट गई। इससे नाव में सवार दो किशोर डूब गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। इसकी सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने नदी में काफी देर तक दोनों को तलाश की, लेकिन देर शाम तक उनका सुराग नहीं मिला। घटना के बाद दोनों परिवारों का रो-रो कर बुरा हाल है।ग्रामीणों ने बताया कि शाममहम्मद डुमरी गांव निवासी किशोर ठाकुर और कुबौली गांव निवासी मुन्ना पासवान का घर बाढ़ के पानी में पूरी तरह घिर चुका है। मुन्ना पासवान ग्रामीण अखिलेश सिंह के साथ नाव से अपने और किशोर ठाकुर के परिवार को ऊंचे स्थान पर ले जा रहा था।
इस दौरान तेज धार के कारण नाव नदी में पलट गई। उसपर सवार कुल आठ लोगों में छह तो किसी तरह तैर कर निकल गए, लेकिन मुन्ना का नौ साल का पुत्र सन्नी कुमार और किशोर ठाकुर का पुत्र विकास कुमार (13) नदी की तेज धार में बह गए। ग्रामीणों ने बताया कि मुन्ना के तीन पुत्रों में सन्नी सबसे बड़ा है। वहीं, विकास दो भाई और दो बहनों में तीसरे नंबर पर है।

