यूक्रेन में रूसी हमले में देवरिया के युवक की मौत
गौरीबाजार के अभिषेक निषाद, जो यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास एक शिप पर नाविक के रूप में काम कर रहे थे, रविवार रात रूस की तरफ से हुए हमले में मारे गए। उन्हें एक महीने पहले ही नौकरी मिली थी। परिवार को सोमवार शाम इस घटना की जानकारी मिली, जिससे घर में भारी दुख फैल गया।
गौरीबाजार (देवरिया) हिन्दुस्तान टीम। यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास रविवार की रात रूस की तरफ से एक शिप पर हुए हमले में देवरिया के रहने वाले अभिषेक निषाद की जान चली गई। वह शिप पर नाविक के रूप में तैनात थे। सोमवार की शाम उनकी मौत की सूचना परिजनों को मिली। पिछले महीने ही अभिषेक शिप पर नौकरी करने गए थे। गौरीबाजार थाना क्षेत्र के करमेल गांव के रहने वाले अभिषेक निषाद (22) पुत्र कौशल निषाद पिछले महीने 10 जून को मुंबई के एक एजेंट के माध्यम से गोल्डेन लिओ नामक शिप पर नाविक के रूप में सवार हुए थे।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को उनका जहाज यूक्रेन से सामान लेकर सिरिया जा रहा था। उसी दौरान अचानक रूसी सेना की तरफ से मिसाइल से शिप पर हमला कर दिया गया। जिसमें जहाज पर सवार अभिषेक समेत कई लोग लापता हो गए। सोमवार की शाम मुंबई के रहने वाले शिपिंग कंपनी के एजेंट ने अभिषेक के पिता को फोन पर जानकारी दी कि हमले में अभिषेक की मौत हो गई है। इसकी जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। उधर हमले में जिले के रहने वाले युवक की मौत की सूचना के बाद जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया और परिजनों से पूरी जानकारी ली। परिजन अब भारतीय दूतावास के अधिकारियों से संपर्क कर अभिषेक का शव गांव मंगाने में जुटे हुए हैं।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


