अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
अलीगढ़ में एक युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। 40 वर्षीय मुकेश कुमार, जो गिलेक्सो कंपनी में काम कर रहे थे, ड्यूटी से घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। उनकी पत्नी और तीन बच्चों के लिए यह घटना बहुत दुखदाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अलीगढ़-जवां, संवाददाता। थाना क्षेत्र के अनूपशहर-अलीगढ़ रोड पर गांव सुड़ियाल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हो गई। वह ड्यूटी से घर लौट रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जनपद बुलंदशहर के थाना छतारी क्षेत्र के बहलोलपुर निवासी 40 वर्षीय मुकेश कुमार पुत्र रघुवर दयाल गिलेक्सो कंपनी में नौकरी करते थे। वह सोमवार को ड्यूटी करके सुबह करीब 5 बजे अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वह सुड़ियाल गांव के पास पहुंचे तो किसी अज्ञात वाहन ने उसको टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर राहगीरों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मुकेश के तीन बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और दो बेटियां हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी दीपा का रो रोकर बुरा हाल है।


